जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, जिन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त दी। वहीं, हाल ही में प्रदेश में भ्रष्टाचार फैलने का आरोप भी केंद्रीय मंत्री शेखावत ने जड़ा है। इसके अलावा भी कई मामलों में वे गहलोत पर टिप्पणी करते रहे हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर आगमन पर जब पत्रकारों ने उनसे शेखावत के आरोप के बारे में पूछा तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बाद में अपने चिरपरिचित अंदाज में मुस्कराते हुए बोले कि वे नए-नए केंद्रीय मंत्री बने हैं। उनके पास महत्वपूर्ण विभाग है। हम तो दुआ करते हैं कि वे कामयाब हों और देश, प्रदेश व जोधपुर के लिए कुछ करें।
हालांकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की भाजपानीत एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बदतर आर्थिक स्थिति, महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए सीएए और एनआरपी जैसे मुद्दों को तूल दिया जा रहा है। दरअसल, दूसरी बार आम चुनाव जीतने के बाद केंद्र सरकार घमंड में आ गई है और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। नौकरियां जा रही हैं, लेकिन सरकार का इस पर ध्यान ही नहीं है। किसी भी मोर्चे पर सरकार आगे ही नहीं बढ़ पा रही। इनके पास खाली बड़ी-बड़ी बातें करने के अलावा कुछ नहीं है। लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/37eGY0f
0 comments:
Post a Comment