जोधपुर। जोधपुर-बीकानेर की कुख्यात 007 गैंग के तीन बदमाशों ने पुलिस की घेराबंदी देख मंगलवार देर रात महाराष्ट्र के कोल्हापुर में किन्नी टोल नाके पर कोल्हापुर पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं थी। पुलिस वाहनों की ओट में छुपकर गोलियां खत्म होने का इंतजार करने लगी। करीब आधे घंटे तक फायरिंग के बाद बदमाशों के हथियार में गोलियां खत्म हो गईं तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग की थी। हिस्ट्रीशीटर व 007 गैंग के सरगना श्याम पूनिया के तीन और श्रवण बिश्नोई के एक गोली लगी। तीसरे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल बारहठ के अनुसार 007 गैंग के मुखिया व हिस्ट्रीशीटर श्याम पूनिया, उसके दाहिने हाथ श्रीराम मांजू व श्रवण बिश्नोई के कर्नाटक के हुबली में छुपे होने की सूचना मिली। ग्रामीण पुलिस की डीएसटी टीम हुबली पहुंची। इसकी भनक लगने पर तीनों कार में बेलगाम की तरफ भाग निकले। पुलिस ने दो सौ किमी तक पीछा किया तो कार मंगलवार रात महाराष्ट्र में घुस गईं।
एसपी बारहठ ने कोल्हापुर एसपी अभिनव देशमुख से बात कर हथियारबंद नाकाबंदी करा दी। कोल्हापुर में किन्नी टोल नाके पर पहले से मौजूद पुलिस ने कार में आए बदमशों को रूकने का इशारा किया, लेकिन श्याम व श्रीराम ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। श्याम के पांव व घुटने में तीन और श्रवण के पांव में एक गोली लगी। कार भी डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। बालेसर थानान्तर्गत भाटेलाई पुरोहितान निवासी श्रीराम मांजू पुत्र पांचाराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि श्याम व श्रवण को भर्ती कराया गया। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है।
राजकार्य में बाधा डालने व आम्र्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इन्हें पकडऩे में जोधपुर ग्रामीण की विशेष टीम के निरीक्षक नरेन्द्र पूनिया, भोजासर थानाधिकारी हरिसिंह, श्रवण कुमार, देवाराम, शैतानराम बिश्नोई व कमाण्डो मोहन चौधरी शामिल थे।
दो हिस्ट्रीशीटरों पर पचास हजार का इनाम
तीनों आरोपी जोधपुर रेंज के मोस्ट वांटेड हैं। गैंग सरगना श्यामलाल पर पुलिस मुख्यालय ने 20 हजार और रेंज आईजी ने दस हजार रुपए और श्रीराम विश्रोई पर पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आइजी ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपियों के पास मिले हथियार पकड़ में आए आरोपियों से हथियार मिलने की सूचना है। गोलियां पूरी चला चुके थे। आरोपियों के जोधपुर व बीकानेर में और हथियार होने का अंदेशा है। इस संबंध में तीनों को जोधपुर लाने के बाद जांच होगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36Brsuj
0 comments:
Post a Comment