जोधपुर. सरदार पटेल पुलिस सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं के विरोध में छात्र-छात्राओं का आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
विवि के कार्यवाहक रजिस्ट्रार सोहनलाल शर्मा ने छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को फोन कर कहा कि बच्चे राजनीति कर रहे हैं, अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कुछ अभिभावकों की ओर से आंदोलन का समर्थन करने पर रजिस्ट्रार ने दोपहर बाद आदेश जारी कर विश्वविद्यालय से करवड़ थाना के लिए दिन में तीन बसों का संचालन करने के निर्देश दिए, लेकिन शेष मांगों पर केवल आश्वासन दिया। इससे असंतुष्ट विद्यार्थियों ने कहा कि आंदोलन गुरुवार को भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि पुलिस विवि में कुलपति, रजिस्ट्रार और वित्त नियंत्रक के पद खाली हैं और इनका काम दूसरे संस्थान के अधिकारी संभाल रहे हैं। विवि शुरू होने से अब तक प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर की नियुक्ति नहीं हुई। विवि लोरड़ी पंडितजी गांव में अपने नए भवन में शिफ्ट हो गया, लेकिन कैंपस की बाउंड्री नहीं होने से छात्रों को सुरक्षा की चिंता सता रही है। विवि में इंटरनेट, पुस्तकालय में किताबें और पढ़ाने के लिए पर्याप्त शिक्षक और प्राथमिक चिकित्सा तक की सुविधा नहीं है।
बीए की फीस 45 हजार
विवि में सोशल साइंस सिक्योरिटी जैसे विषयों पर बीए और एमए पाठ्यक्रम होता है। बीए की फीस करीब 45 हजार रुपए सालाना है जबकि कुछ विषय में एमए की फीस 60 हजार रुपए तक है। छात्रों का कहना है कि इतनी फीस देने के बावजूद सुविधाएं नहीं दी जा रही।
कोशिश कर रहे हैं
विवि को नए कैंपस में शिफ्ट हुए करीब एक महीना ही हुआ है। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। बच्चों को कक्षाएं अटेंड करनी चाहिए।
सोहनलाल शर्मा, रजिस्ट्रार
सरदार पटेल पुलिस विवि जोधपुर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2RH1Hol
0 comments:
Post a Comment