अरविंद सिंह राजपुरोहित/कमलेश दवे/जोधपुर/धुंधाड़ा. खेतों में ढोल-थाली का शोर और लोगों की भीड़। यह दृश्य किसी विवाह समारोह का नहीं, सालावास गांव के खेतों का है जहां टिड्डी दल ने पल भर में खेतों में खड़ी फसल बर्बाद कर दी। किसान से लेकर प्रशासन तक टिड्डी भगाने के लिए मशक्कत करते रहे, लेकिन टिड्डियों के समूह आंख मिचौली की तरह एक से दूसरे खेत जाते नजर आए। सुबह से शाम तक यही क्रम जारी रहा। देखते ही देखते 4 गुणा 4 किलोमीटर में पसरी टिड्डियों का दल करीब डेढ़ हजार बीघा में खड़ी लाखों रुपए की फसल और किसानों की मेहनत को साफ कर गया। यह स्थिति तब है जब प्रशासनिक स्तर पर कीटनाशक का छिडक़ाव कर टिड्डी पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे थे।
स्कूल से ली छुट्टी, खेत में मासूम
किसान अपने परिवार के साथ टिड्डी से मुकाबले के लिए खेत में डटे रहे। स्कूल जाने वाले मासूम भी बर्तन बजाकर टिड्डी भगाते नजर आए। कुछ लोगों ने धुआं कर कर टिड्डी रोकने का जतन किया।
‘ऐसी आपदा नहीं देखी’
किसानों ने ‘पत्रिका’ को बताया कि ऐसी आपदा पहले नहीं देखी। टिड्डी दल ने लादूराम, संतोकसिंह, जीमनसिंह, पुखराज की करीब 280 बीघा रायडा, संतोकसिंह, कानाराम, मदनलाल, फुसाराम की 150 बीघा जमीन में खड़ी जीरे की फसल साफ कर दी। जोधसिंह, भंवरलाल, जगदीश खन्ना, सोनाराम पटेल सहित कई अन्य किसान भी अपनी फसल की बर्बादी देखते रहे।
अल सुबह से जुटी रही टीम
टिड्डी पर काबू पाने के लिए विधायक महेंद्र विश्नोई भी किसानों के साथ जुटे रहे। उनके निर्देशन में तहसीलदार नारायणलाल सुथार और टीम ने अलसुबह से खेतों में पेस्टिसाइड का छिडक़ाव शुरू कर दिया। कृषि विभाग से राजेंद्रसिंह, ग्यारसीलाल, वीडियो महेंद्रसिंह, टिड्डी नियंत्रण संगठन से केएल मीणा अधिकारियों के साथ सालावास के खेतों में राउंड लेते नजर आए। एसडीएम गोपाल परिहार भी निरंतर अपडेट लेते रहे। पूर्व विधायक जोगराम पटेल, लूणी के पूर्व प्रधान शैलाराम सारण सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सालावास पहुंच हालात का जायजा लिया। झंवर और लुणावास खारा में उप तहसीलदार रवि शेखर चौधरी, कृषि विभाग के झूमरलाल की देखरेख में छिडक़ाव किया गया।
शाम को पाल की तरफ भरी उड़ान
दिनभर किसानों को छकाने के बाद टिड्डी दल शाम को हवा के रुख के साथ बोरानाडा-पाल की तरफ उडऩे लगा तो किसानों ने राहत की सांस ली। हवा का रुख कई बार बदलने से टिड्डी के वापस सालावास की तरफ आने की आशंका हुई तो किसान परेशान हो गए।
मुआवजे की मांग
किसानों ने राज्य और केंद्र सरकार से टिड्डी से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है। सालावास के सम्पतराज गहलोत, पूर्व सरपंच ओमाराम पटेल, हंसराज गहलोत, रमेश मोठड़ा, महिपाल गहलोत, राकेश गहलोत, दीन मोहम्मद सहित गांव के किसानों ने कहा कि मुआवजा नहीं मिला तो किसान बर्बाद हो जाएंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2QIjF9v
0 comments:
Post a Comment