जोधपुर.
एटीएम कार्ड पुराना होने का झांसा देकर शातिर ठग ने छह ओटीपी नंबर लेने के बाद एम्स में चिकित्सक की पत्नी के खाते छह बार में पचास हजार रुपए निकाल लिए। चिकित्सक ने रातानाडा थाने में मामला दर्ज कराया है। एक अन्य वारदात में पे-टीएम केवाइसी अपडेट कराने के नाम एक और व्यक्ति के खाते से ४२ सौ रुपए निकाल लिए गए।
पुलिस के अनुसार मूलत: इलाहाबाद हाल एम्स में चिकित्सक संतोष कुमार मौर्या पुत्र रामप्रसाद ने पत्नी सपना कुशवाहा की तरफ से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि गत आठ जनवरी की शाम पत्नी के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। खुद को विजया बैंक की मुम्बई शाखा से बात करने का बताकर उसने कहा कि एटीएम कार्ड पुराना हो चुका है और बंद हो जाएगा। तब महिला ने कार्ड चालू रखने का प्रोसेस पूछा तो ठग ने महिला से ऑनलाइन रहने और उसके कहे अनुसार करने का निर्देश दिया। कुछ ही देर में महिला के मोबाइल पर छह एसएमएस में ओटीपी नम्बर आए और महिला ने ठग को सारे ओटीपी नम्बर बता दिए। कुछ ही देर में खाते से छह बार में पचास हजार रुपए निकल गए। महिला ने उससे रुपए निकलने के बारे में बात की तो ठग ने राशि खाते में लौटाने का भरोसा दिलाया, लेकिन एेसा नहीं हुआ।
दूसरे दिन भी ठगी का प्रयास
ठगी का अहसास होने पर महिला ने एटीएम से दो हजार रुपए निकाल बैंक को ई-मेल भेजकर एटीएम बंद कराया। साथ ही पति को अवगत कराया। पत्नी की तरफ से एम्स चिकित्सक ने थाने में लिखित शिकायत दी और मामला दर्ज कराया। छह बार में पचास हजार रुपए निकालने के बावजूद ठग ने दूसरे दिन भी महिला को फिर फोन किए। जिससे महिला काफी घबरा गई।
केवाइसी के नाम एक और ठगी
पे-टीएम खाते को केवाइसी से अपडेट कराने के नाम पर लाखों रुपए ठगे जाने के बावजूद वारदातें जारी हैं। इस बार महामंदिर थानान्तर्गत घांचियों का बास निवासी जयेश पुत्र वीरेन्द्र परिहार ठगी का शिकार हुए। पेटीएम खाते को केवाइसी से अपडेट कराने के नाम पर उसके खाते से ४२ सौ रुपए निकाल लिए गए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36OhUgg
0 comments:
Post a Comment