फलोदी.(जोधपुर). सात समन्दर पार कर प्रतिवर्ष शीतकालीन प्रवास पर आने वाले मेहमान पक्षी कुरजां के पड़ाव स्थल खींचन में पक्षियों की जान पर मंडरा रहा फूड पॉइजनिंग का खतरा अब भी बरकरार है। दरअसल मंगलवार को एक साथ 36 पक्षियों के बीमार मिलने के साथ 4 पक्षियों की मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार को 4 अन्य बीमार पक्षी मिले हैं, जो पड़ाव स्थलों पर उड़ते हुए नीचे गिर गए। वहीं दूसरी तरफ रेस्क्यू सेंटर में भर्ती पक्षियों का मेडिकल टीम ने उपचार करके फॉलोअप लिया। जिसमें अधिकांश पक्षियों के स्वास्थ्य में सुधार है।
पक्षी प्रेमी सेवाराम माली ने बताया कि बुधवार को भी बीमार पक्षियों के मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को पक्षी चुग्गाघर में 2, विजयसागर में 1 तथा गोदरली मार्ग पर 1 बीमार कुरजां मिली। जो अपने समूहों में उड़ते हुए नीचे गिर गई थी। इन सभी 4पक्षियों को रेक्स्यू सेंटर पहुंचा दिया है। डॉ. भागीरथ सोनी ने बताया कि उपचार के बाद किए फॉलोअप में अधिकांश पक्षियों के स्वास्थ्य में सुधार है तथा 4-5 पक्षियों की हालत नाजुक है। पोस्टमार्टम में स्पष्ट है कि कुरजां की मौत जहरीले दाने से हुई है। मृत पक्षियों की आंत में खून निकला हुआ था तथा ज्वार के दाने मिले हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Fd0ZIg
0 comments:
Post a Comment