भोपालगढ़ (जोधपुर) . क्षेत्र के रतकुडिय़ा भाकर स्थित तीखी देवरी की तलहटी के सभागार में रविवार को भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जगराम विश्नोई की अध्यक्षता में हुई विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने हाल ही में जारी की गई पार्टी के मंडल अध्यक्षों की सूची को लेकर एतराज करते हुए हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं को साफ शब्दों में कह दिया कि इस सूची की तरह ही यदि पंचायत चुनाव में टिकट दे दिए, तो फिर पार्टी को कोई नहीं जितवा सकेगा। जिस पर जिलाध्यक्ष विश्नोई ने यह कहते हुए कार्यकर्ताओं को शांत किया कि, फिलहाल इस सूची पर रोक लगा दी गई है और शीघ्र ही नई सूची जारी की जाएगी। बैठक में पंचायत चुनावों में पार्टी की जीत पक्की करने के लिए आवश्यक रणनीति बनाने के साथ ही चुनाव लडऩे के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं से आवेदन भी लिए गए।
इस मौके पर पूर्व मंत्री कमसा मेघवाल, प्रधान चिमनसिंह धेडू व जिला उपाध्यक्ष जगदीश डूडी समेत कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी का सिम्बल लेकर आने वाले प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरे मन से काम करने का आह्वान किया।
वहीं कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया, कि पंचायत समितियों व जिला परिषद में टिकट कार्यकर्ताओं की राय से उनके बीच के कार्यकर्ताओं को ही दिए जाएंगें।
बैठक में जिला महामंत्री डॉ. सोहन चौधरी, जयराम जाखड़, बावड़ी उपप्रधान हेमलता प्रजापत, श्याम चोयल, नरसिंहराम सारण, भीरमराम रलिया, बाबूलाल विश्नोई, विरेन्द्र डूडी सहित भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शामिल पार्टी के सभी पांचों मंडल भोपालगढ़, आसोप, रतकुडिय़ा, बावड़ी व बनाड़ मंडलों के भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति में हुई गड़बडिय़ों व उनकी अनदेखी को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई और कार्यकर्ताओं ने सूची को लेकर नाराजगी व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने साफ कह दिया कि मंडल अध्यक्षों की सूची की तरह पंचायतीराज चुनावों में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य के उम्मीदवारों के नाम ऊपर से घोषित नहीं किए जाएं।
जिलाध्यक्ष जगराम बिश्नोई ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मंडल अध्यक्षों की जो सूची वर्तमान में सोशल मीडिया पर चल रही है, उस पर प्रदेश नेतृत्व की ओर से रोक लगा दी गई है और इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेताओं को भी अवगत करा दिया गया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2MlwJyS
0 comments:
Post a Comment