जोधपुर. जेल में बंद दो युवकों के निर्देश पर बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने के आरोपी को प्रतापनगर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार से गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी अमित सिहाग के अनुसार धार जिले में मनावर थानान्तर्गत सिंघाणा निवासी मुकेश सरदार (32) पुत्र छगनसिंह सिकलीघर पिछले तीन महीने से वांछित था। उसकी तलाश के लिए धार गई टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मुकेश के ठिकाने पर दबिश दी और भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पीछा कर पकड़ लिया। उसे शुक्रवार रात जोधपुर लाकर गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। उसके खिलाफ प्रतापनगर थाने में पांच मामले दर्ज हैं। चार अन्य मामलों में उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा।
एके-47 व कार्बाइन बनाने में माहिर है आरोपी
आरोपी मुकेश सिकलीघर और उसका परिवार एके-47 व कार्बाइन जैसे हथियार बना सकते हैं। वह राज्य के कई जिलों की पुलिस का वांछित है। जोधपुर पुलिस के धार पहुंचने से तीन दिन पूर्व झालावाड़ पुलिस उसे पकडऩे गई थी, लेकिन वह भाग निकला था। वह पाली जिले के सुमेरपुर में 32 हथियार सप्लाई करने के मामले में भी वांछित है।
7 पिस्तौल, 27 कारतूस के साथ आठ गिरफ्तार
प्रतापनगर थाना पुलिस ने गत 28 सितम्बर को बिराई गांव में हिंगलाज नगर निवासी अर्जुनदान चारण को गिरफ्तार कर 3 पिस्तौल व 18 कारतूस जब्त किए थे। उसने जेल में बंद महिपाल व औंकारसिंह के निर्देश पर मुकेश सिकलीघर से हथियार लाना स्वीकार किया था। इस मामले में महिपाल व औंकारसिंह को भी गिरफ्तार किया था। इनसे जांच के बाद गुड़ा ऐंदला निवासी सुरेश सिंह, देचू में जेठानिया निवासी अंबाराम व जैतारण निवासी प्रदीप राव को गिरफ्तार कर एक एक हथियार व कारतूस जब्त किए गए थे। पुलिस आवड़दान उर्फ आवड़सिंह को गिरफ्तार कर एक हथियार जब्त कर चुकी है।
ये थे टीम में
एसआइ रामकृष्ण ताडा के नेतृत्व में धार गई पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल जमशेद खां, पप्पाराम, कांस्टेबल महेन्द्र, बलवीर व प्रेम शामिल थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ZlMHhS
0 comments:
Post a Comment