जोधपुर. जिले के कई इलाकों में रविवार शाम अंधड़ के साथ हुई बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों को संकट में डाल दिया है। कई जगह पेड़ व खंभे भी गिरे। जिले के फलोदी, शेरगढ़ कस्बे व आसपास के क्षेत्रों में शाम को तेज अंधड़ आया। आंधी थमने के बाद बारिश शुरू हो गई। बाद में चने के आकार के ओले गिरे। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है।
शेरगढ़ के तहसील परिसर में नीम का पेड़ वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल पर गिर गया। गनीमत रही कि अवकाश का दिन होने से वहां लोग मौजूद नहीं थे। तहसील कार्यालय आने वाले लोग आमतौर पर इसी नीम के पेड़ के नीचे बैठते हैं। इलाके के नौसर, बैंदों का बेरा, राडिया मगरा, पल्ली में भी काश्तकारों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, बापिणी खुर्द, कड़वा, भादा, बेदू कल्ला, पुनासर खुर्द, बापिणी में चने के आकार के ओले गिरने से किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई। किसानों के अनुसार बारिश, अंधड़ व ओलावृष्टि से मूंग, बाजरा, मोठ, ग्वार, कपास की पकी खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/35eAgqn
0 comments:
Post a Comment