जोधपुर.
मण्डोर थानान्तर्गत बासनी तम्बोलिया के महादेव नगर में घरवालों की मौजूदगी में चोरों ने मकान में सेंध लगाकर मंगलवार मध्यरात्रि अलमारी से तीस तोला सोने के आभूषण व ढाई लाख रुपए चुरा लिए।
पुलिस के अनुसार महादेव नगर निवासी खेमाराम पुत्र उदाराम जाट और उनकी पत्नी मंगलवार रात मकान के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। पुत्रवधू प्रथम मंजिल पर बने कमरे में सोने चली गई और उसने सीढि़यों का दरवाजा छत की तरफ से बंद कर दिया। पुत्र ट्रक लेकर बाहर गया था। रात करीब दो बजे पुत्रवधू उठी तो सीढि़यों का दरवाजा खुला दिखाई दिया। परिवार के किसी सदस्य के खोलने के अंदेशे दरवाजा वापस बंद कर सो गई। बुधवार सुबह पांच बजे खेमाराम की पत्नी उठी और अंदर कमरे में गई तो अलमारियां खुली और सामान बिखरा पड़ा था। उसके चिल्लाने की आवाज सुन खेमाराम जाट भी पत्नी के पास पहुंचे तो चोरी का पता लगा। अलमारी में रखा छह तोला सोने का तिमणियां, सात तोला सोने की आड़, छह तोले की दो कंठी, दो तोला सोने की एक कंठी, एक तोला सोने की एक झुमरी, एक तोला सोने की बट्टी, दो तोला सोने के बाला व झेला, आधा तोला सोने के लूंग की चार जोड़ी व दो फीणी, दो तोला सोने की दो अंगूठी, एक तोला सोने की एक टुसी व दो तोला सोने की दो चेन, २.५ लाख रुपए व ६५ तोला चांदी के पायजेब की चार जोडि़यां भी गायब हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। बाद में ग्रामीण मण्डोर थाने पहुंचे और क्षेत्र में चल रहे कैसिनो पर आने वालों पर संदेह जताकर कार्रवाई की मांग की।
बाड़े से होकर निकले चोर
खेमाराम के दूसरे पुत्र प्रेम चौधरी ने बताया कि रात दो बजे भाभी के जागने व सीढि़यों का दरवाजा बंद करने के दौरान चोर संभवत: मकान में ही थे। इसी हड़बड़ाहट में वो दो-ढाई किलो चांदी के आभूषण छोड़ गए और बाड़े में होकर भाग निकले। प्रेम का कहना है कि पड़ोस में ही मकान बन रहा है। एक सीढ़ी मकान के सहारे ही है। अंदेशा है कि चोर सीढ़ी की मदद से छत के रास्ते मकान में घुसे थे।
मकान व फैक्ट्री में चोरों ने किए हाथ साफ
उदयमंदिर थानान्तर्गत पावटा सब्जी मण्डी के पास हाथियों की बावड़ी स्थित मकान व नारनाडी में मिनरल वाटर की फैक्ट्री से चोर हजारों रुपए का सामान चुरा ले गए। हाथियों की बावड़ी निवासी मोहम्मद मुशरफ के मकान से गत पांच अक्टूबर को कीमती सामान व सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। वहीं, नारनाडी निवासी चतुराराम पटेल की बालोतरा रोड पर नारनाडी में नीलकंठ मिनरल वाटर की फैक्ट्री है। चोरों ने रात को फैक्ट्री से कीमती सामान चुरा लिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2IBt0vb
0 comments:
Post a Comment