लोहावट (जोधपुर) . पुलिस ने थाना क्षेत्र के सदरी खुर्द गांव में बुधवार सुबह दबिश देकर लेडी डॉन कुख्यात स्मैक तस्कर सोफिया को गिरफ्तार किया है। वह इससे पूर्व तीन बार गिरफ्तार हो चुकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक ( ग्रामीण) राहुल बारहठ ने बताया कि लोहावट थानाधिकारी इमरान खान को मुखबिर से सूचना मिली कि सदरी खुर्द गांव में लेडी डॉन स्मैक तस्कर सोफिया पत्नी मुमताज खान के घर पर दबिश दी जाए तो बड़ी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हो सकती है।
इस पर लोहावट थानाधिकारी ने मय जाब्ता सोफिया के घर पर दबिश दी। पुलिस को देख महिला तस्कर ने भागने का प्रयास किया। इस पर महिला कांस्टेबल बेबी की मदद से उसको दस्तयाब कर उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 8 ग्राम अवैध स्मैक एवं 3 हजार 220 रुपए नकद बरामद किए गए। बाद में उसको गिरफ्तार कर लोहावट पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच मतोड़ा थानाधिकारी नेमाराम को सौंपी गई।
तीन बार हो चुकी पूर्व में गिरफ्तार
लोहावट थानाधिकारी खान ने बताया कि महिला तस्कर को पूर्व में तीन बार गिरफ्तार किया जा चुका है। लोहावट पुलिस एवं जोधपुर ग्रामीण पुलिस की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 26 फरवरी 2017 को उसको अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था।
उस दौरान उसके पास से 104 ग्राम अवैध स्मैक एवं स्मैक बेचकर अर्जित किए 67 हजार 940 रुपए बरामद किए थे। वही 1 अगस्त 2018 को उसको युवक को स्मैक सप्लाई करने के मामले में गिरफ्तार किया था। एक बार फलोदी पुलिस द्वारा भी एनडीपीएस मामले में उसे गिरफ्तार किया था।
भाई भी अवैध स्मैक के धंधे में लिप्त
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला स्मैक तस्कर का भाई हिदायतुल्ला उर्फ हैदर अली पुत्र अहमद खां निवासी सदरी खुर्द भी इस धंधे में लिप्त है। पुलिस ने उसे कई बार अवैध स्मैक एवं नकद रुपए के साथ गिरफ्तार किया था।
फैला रखा जाल
महिला स्मैक सप्लायर का लोहावट एवं फलोदी के आस-पास के कई गांवों में नेटवर्क फैला हुआ है। लोहावट क्षेत्र के सदरी, राजाला, जाटावास, रुपाणा-जैताणा, फतेहसागर, जालोड़ा, दयाकोर, ढेलाणा, जंभेश्वरनगर, कुशलावा, कोलूपाबूजी, भोजाकोर, पीलवा, रावतनगर सहित आस-पास के कई गांवों में स्मैक का जाल फैला रखा है।
ये टीम रही शामिल
लेडी डॉन महिला तस्कर को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में लोहावट थानाधिकारी खान, हेड कांस्टेबल भंवरलाल, कांस्टेबल लक्ष्मण, चन्दणाराम, हरिराम, चालक कन्हैयालाल, महिला कांस्टेबल बेबी ने मुख्य भूमिका निभाई। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा इस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
[MORE_ADVERTISE1]from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/35TNbOS
0 comments:
Post a Comment