अविनाश केवलिया/जोधपुर. नगरीय निकाय चुनाव की सरगर्मिंया तेज हैं। अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है इसीलिए शिलान्यास, लोकार्पण और अनावरण के दौर जारी हैं। शहरी सरकार में सत्ता पर काबिज भाजपा और प्रदेश में 10 माह पहले सरकार बनाने वाली कांग्रेस दोनों काम के साथ ‘नाम’ को भी राजनीति में भुनाने जा रही है।
जोधपुर शहर में तीन दिन में 8 से ज्यादा नाम पट्टिका अनावरण प्रस्तावित है। एक कार्यक्रम रविवार को हो गया। अब अगले दो दिन सीएम अशोक गहलोत और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत नाम पट्टिकाओं का अनावरण करेंगे। काम भुनाने के साथ नामकरण का श्रेय भी लेने की तैयारी है। नगर निगम की बैठकों में भी नामकरण की स्वीकृतियां जारी की जाती है। ऐसे में देखना होगा कि किस पार्टी को इस नामकरण की राजनीति का श्रेय मिलता है।
सीएम दो दिन में करेंगे 5 नाम पट्टिकाओं का अनावरण
मुख्यमंत्री गहलोत निकाय चुनाव का बिगुल बजने से ठीक पहले दो दिन तक जोधपुर में रहेंगे। निकाय चुनाव में अलग-अलग क्षेत्र व वर्ग के लोगों को साधने के लिए नाम पट्टिकाओं का अनावरण करेंगे। गोविंद श्रीमाली काका मार्ग, राजमाता कृष्ण कुमारी मार्ग, भगवानसिंह परिहार मार्ग, राजेन्द्र एस मेहता मार्ग, संता लाडाराम मार्ग का नामकरण व पट्टिका अनावरण किए जाएंगे।
भाजपा की ओर से तीन
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव ने रविवार को ओमजी मूथा मार्ग नाम पट्टिका का अनावरण किया। पावटा क्षेत्र में भीमसिंह सुवाणा मार्ग और बीजेएस क्षेत्र में गुमानसिंह गोगादेव मार्ग लोकार्पण व पट्टिका अनावरण केन्द्रीय मंत्री शेखावत की उपस्थिति में प्रस्तावित है।
अधिकांश नामकरण स्वीकृतियां अंतिम वर्ष में
नगर निगम बोर्ड के अंतिम साल में कई सडक़ों के नामकरण की स्वीकृतियां जारी की गई है। कांग्रेस व भाजपा के दिग्गज नेता, स्वतंत्रता सैनानी, समाजसेवियों व अलग-अलग क्षेत्र में प्रतिष्ठा रखने वालों के नाम पर मार्ग नामकरण किया गया है। इनको कांग्रेस और भाजपा के नेता अपने-अपने पक्ष के हिसाब से उपयोग करने से भी नहीं चूकेंगे।
कौनसे काम गिनाएंगे?
नामकरण के श्रेय के इतर यदि काम के जरिये वोट मांगे जाते हैं तो नगरीय निकाय के पांच साल और राज्य सरकार के 10 माह के काम गिनाने चाहिए। कांग्रेस अपने इस कार्यकाल की कुछ उपलब्धियां गिना सकती है, जबकि कुछ बातें अधूरी रहने का सामना भी करना पड़ेगा। भाजपा पांच साल का शहरी सरकार का लेखा-जोखा रखने के साथ केन्द्रीय नेतृत्व की उपलब्ध्यिों को भुनाने की तैयारी में है।
उप महापौर ने किया था शक्ति प्रदर्शन
कुछ माह पहले ही उप महापौर देवेन्द्र सालेचा ने नाम पट्टिका अनावरण में शक्ति प्रदर्शन की शुरुआत की थी। इनके पिता चम्पालाल सालेचा के नाम पर मार्ग का अनावरण कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री शेखावत व नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया शामिल हुए थे। साथ ही बड़ी भीड़ जुटाई गई थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2IubmJU
0 comments:
Post a Comment