जोधपुर.
बोरानाडा स्थित निजी विद्यालय परिसर में खड़ी स्कूल बस चुराने के बाद आग लगाकर सरेचां गांव में खेत के पास लावारिस हालत में छोड़ दी गई।
बोरानाडा थानाधिकारी राजूराम बामणिया के अनुसार सर्वोदय शिक्षण संस्थान परिसर के अंदर शुक्रवार सुबह बाल वाहिनी खड़ी की गई। दोपहर साढ़े बारह बजे बस वहां नहीं थी। तलाश के बाद भी बस नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कराई, लेकिन बस का सुराग नहीं लगा। विद्यालय संचालक लक्ष्मणराम जाट की तरफ से चोरी का मामला दर्ज किया गया।
इस बीच, मध्यरात्रि लूनी थानान्तर्गत सरेचां गांव में खेत के किनारे बस मिल गई। उसमें आग लगी हुई थी। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरानाडा थाना पुलिस को सूचित किया।
पूरी तरह खाक हो गई बस
पुलिस का कहना है कि बस चुराने वाले को अच्छी तरह पता था कि बस स्कूल में कब खड़ी रहती है और उसकी चाबी कहां रहती है। चोरी करने वाला बस में रखी चाबी से बस स्टार्ट कर ले भागा और सरेचां गांव में आग लगा कर छोड़ दी। बस के टायर व अन्य हिस्से खाक हो गए। पुलिस का मानना है कि वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2V6OlBL
0 comments:
Post a Comment