जोधपुर. महामंदिर थानान्तर्गत फुलेराव पार्क के पास नाकाबंदी के दौरान बिना हेलमेट चालान बनाने और कागजात न होने पर बाइक जब्त करने को लेकर वाहन चालक और पुलिस में विवाद हो गया। युवक ने हेड कांस्टेबल से धक्का-मुक्की कर चालान डायरी छीन ली और चालान मीमो और वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सायंकालीन नाकाबंदी में हेड कांस्टेबल सुमेरसिंह वाहनों की जांच कर एमवी एक्ट में चालान बना रहे थे। इस दौरान बिना हेलमेट आए मोटरसाइकिल चालक को रोक कागजात मांगे, लेकिन उसने पेश नहीं किए। हेड कांस्टेबल ने बिना हेलमेट होने का चालान बनाया और कागजात के अभाव में बाइक जब्त कर ली। लेकिन उसने चालान पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया और पुलिस से उलझ गया।
बात बढऩे पर उसने चालान डायरी छीन ली और चालान मीमो और वर्दी की जेब फाडऩे के साथ नेम प्लेट भी तोड़ दी। बीच-बचाव में आए कांस्टेबल धर्मेन्द्र की वर्दी पर लगा फ्लैग व बैज फाड़ कर छीन लिया और मारपीट भी की। एएसआइ गोदीलाल व अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा और थाने भेज इमरतिया बेरा निवासी सुरेश उर्फ राकेश पुत्र संतोषसिंह चौहान को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
हेड कांस्टेबल ने राजकार्य में बाधा डालने व सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कराया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट से जमानत मिलने के बाद शनिवार को उसे एफआइआर में गिरफ्तार कर लिया गया। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने पर रविवार को उसे न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/30eaJip
0 comments:
Post a Comment