जोधपुर।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की सख्ती के बाद रीको ने औद्योगिक क्षेत्र में फैल रहे प्रदूषण की रोकथाम की दिशा में कदम उठाया है। अब औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित किसी फैक्ट्री के बाहर कचरा मिलेगा तो रीको की ओर से उस फैक्ट्री पर जुर्माना लगाया जाएगा। दूसरी ओर वर्तमान में जो हालात है उसको देखते हुए लगता है कि प्रतिदिन उद्यमियों की जेब कट सकती है। अभी कई फैक्ट्रियों के बाहर कचरा और गंदगी बिखरी पड़ी है। रीको ने प्रदेशभर में औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित इकाइयों के बाहर सड़क पर कचरा, गंदगी की वजह से खराब हो रही साख पर कदम उठाया है।रीको की ओर से आवंटी उद्यमी द्वारा अपनी फैक्ट्री से निकाले जा रहे अपशिष्ट पानी, सॉलिड वेस्ट, उत्पादों का वेस्ट, राख, स्टोन कटिंग इकाइयों से निकला वेस्ट, स्टोन स्लरी आदि फैक्ट्री के बाहर सड़क के दोनों ओर डालने पर कार्यवाही की जाएगी।
--
15 दिन का समय व 2500 का जुर्माना
रीको की ओर से दोषी आवंटी उद्यमी को पहले नोटिस भेजा जाएगा। जिसमें उसको अपनी फैक्ट्री के बाहर फैले कचरे को 15 दिन में निस्तारित करने का समय और 2500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इस नोटिस पीरियड के बाद भी कचरा नहीं हटाने पर रीको अपने स्तर पर कचरा हटवाएगा और इसकी राशि रीको से वसूलेगा।
--
एनजीटी ने जताई थी नाराजगी
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) कई बार जोधपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में हो रहे प्रदूषण को लेकर रीको पर नाराजगी जताई थी। साथ ही, सुनवाइयों में रीको को सख्त निर्देश देते हुए औद्योगिक क्षेत्रों की अव्यवस्थाओं का सुधारने के निर्देश दिए थे।
--
पहले नरमाई, फिर सख्ती करेंगे
रीको मुख्यालय से आदेश हुए है। आदेश की पालना के तहत पहले उद्यमियों से अपनी फैक्ट्रियों के बाहर सड़क पर कचरा नहीं डालने का कहा जाएगा। इसके बाद नोटिस व जुर्माना की कार्यवाही करेंगे।
विनीत गुप्ता,
वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक रीको
--
रीको बोरानाड़ा औद्योगिक विस्तृत क्षेत्र है। मुख्यालय के आदेश की पालना में उद्यमियों को फैक्ट्रियों के बाहर कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके बाद भी हालात वही रहे तो कार्यवाही की जाएगी।
कुलदीप दाधीच, क्षेत्रीय प्रबंधक
रीको बोरानाडा
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2AEwMPW
0 comments:
Post a Comment