जोधपुर.
जोधपुर डिस्कॉम के सेंट्रल स्टोर से जारी साढ़े पांच लाख रुपए की कंडक्टर केबल और कुछ अन्य सामान एईएन कार्यालय के स्टोर में जाने की बजाय एक कबाड़ी की फैक्ट्री पहुंच गया। पुलिस सुरक्षा में डिस्कॉम अधिकारियों ने कबाड़ से सामान बरामद कर बुधवार देर रात स्टोर कीपर, ट्रक चालक व कबाड़ी के खिलाफ बासनी थाने में एफआइआर दर्ज कराई। कबाड़ी को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
थानाधिकारी सुनील चारण के अनुसार डिस्कॉम के सेंट्रल स्टोर से झालामंड एईएन ऑफिस में स्टोर के लिए एक ट्रांसफार्मर और एल्युमिनियम कंडक्टर के चार ड्रम जारी कर रवाना किए गए। बकायदा इनका गेट पास भी बना और ट्रक में माल स्टोर से बाहर निकला, लेकिन एईएन कार्यालय में न तो ट्रांसफार्मर पहुंचा और न ही एल्युमिनियम कंडक्टर।
साढ़े पांच लाख रुपए का यह सामान बासनी में एम्स के सामने स्थित कबाड़ की एक फैक्ट्री में उतार दिए गए। इसका पता लगते ही अधिशाषी अभियंता ओपी सुथार, विजिलेंस विंग के बी. परमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए पुलिस भी बुला ली गई। कबाड़ की तलाशी लेने पर सेन्ट्रल स्टोर से जारी सारा सामान बरामद हो गया।
डिस्कॉम झालामंड कार्यालय के एईएन महेश कुमार नागर ने देर रात स्टोर कीपर महेश माथुर, ट्रक चालक व कबाड़ी मोहम्मद साहिद पुत्र अब्दुल रहीम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मौके से पकड़ में आए कबाड़ी सोजती गेट निवासी मोहम्मद साहिद को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
साढ़े पांच लाख के कंडक्टर
- १५ किलोमीटर और ८ किलोमीटर लंबे दो प्रकार के कंडक्टर केबल जब्त।
- स्क्रेप मेटेरियल और जले हुए ट्रांसफार्मर भी मिले
- कंडक्टर केबल की कीमत ५ लाख, ५३ हजार रुपए है।
साक्ष्य मिटाने का प्रयास
डिस्कॉम और पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री वालों ने साक्ष्य मिटाने के लिए कंडक्टर केबल के ड्रम पर लगी डिस्कॉम की सील व बैच नम्बर पर कालिख पोतने की कोशिश की। इस मामले में स्टोर कीपर पूरी तरह लिप्त बताया जाता है। पुलिस और विभागीय अधिकारी जांच कर रहे हैं। बताया जाता है कि कबाड़ फैक्ट्री के अन्य गोदाम में डिस्कॉम का और भी सामान हो सकता है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ncq28p
0 comments:
Post a Comment