जयपुर। हाड़ौती में रविवार देर रात से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश का दौर सोमवार को भी बना रहा। इसके चलते एक बार फिर नदियां उफन गई। कई मार्ग बंद हो गए। बांसवाड़ा में तेज बारिश के बाद बूंदाबांदी का सिलसिला चला। इस बीच, माही और एराव नदी से पानी की आवक बनी रहने से माही बांध के चार गेट खुले रहे। वहीं राजधानी जयपुर में तेज गर्मी और उमस से लोगों को बेहाल हो गए। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.2 न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जोरदार बारिश से ट्रेन मार्ग बाधित
झालावाड़ जिले में सुबह चार बजे से जोरदार बारिश शुरू हुई, जो सुबह साढ़े सात बजे तक जारी रही। इससे चौमहला में दिल्ली-मुम्बई ट्रेन मार्ग बाधित रहा तो दरा-अरनिया मार्ग भी बंद रहा। बांध में पानी की खासी आवक हुई तो नदियां उफान पर हैं। झालावाड़ जिले में अब तक 1226.25 एमएम बारिश हो चुकी है।
कोटा में अब तक हो चुकी दोगुनी बारिश
कोटा में इस सीजन में बारिश ने रेकॉर्ड कायम किया है। कोटा का बारिश औसत 640 एमएम है, लेकिन पिछले दो माह में 1252.6 एमएम बारिश हो चुकी है। सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे आधे घंटे तेज बारिश हुई।
पाटली-ताकली उफनी
कोटा जिले में पार्वती नदी में उफान आने से खातौली के निकट पुल पर पानी आ गया। इससे कोटा-श्योपुर मार्ग अवरुद्ध हो गया। पाटली नदी में भी उफान आने से सुकेत-जुल्मी मार्ग करीब तीन घंटे तक बंद रहा। ताकली उफनने से अमझार मार्ग बंद हो गया। रामगंजमंडी में रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक तीन इंच बारिश दर्ज की गई।
चंबलेश्वर महादेव मंदिर जलमग्न
बूंदी जिले में खटकड़, करवर, तालेड़ा व इन्द्रगढ़ में आधे घंटे बारिश हुई। बूंदी शहर में सुबह से ही बादल छाए रहने से गर्मी से राहत मिली। वही कोटा बैराज से पानी की निकासी करने से रोटेदा-मंडावरा के बीच बनी पुलिया जलमग्न हो गई। साथ ही चंबलेश्वर महादेव मंदिर भी जलमग्न हो गया।
गांधीसागर बांध के 14 गेट खोले
मध्यप्रदेश में हो रही भारी वर्षा के चलते गांधीसागर के इस सीजन में पहली बार 14 गेट खोलकर 2 लाख 84 हजार 916 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। इस कारण राणाप्रताप सागर बांध के 10 और जवाहर सागर बांध के 9 गेट और कोटा बैराज के 15 गेट खोलकर 3 लाख 20 हजार 340 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
दिनभर रिमझिम, खुले रहे माही के चार गेट
बांसवाड़ा में बीती रात तेज बारिश के बाद सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी का सिलसिला चला। इस बीच, माही और एराव नदी से पानी की आवक बनी रहने से माही बांध के चार गेट खुले रहे।
बांसवाड़ा शहर के अलावा ठीकरिया, जौलाना, परतापुर, छोटी सरवा, भूंगड़ा, पालोदा, घाटोल समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी का क्रम रहा। इधर, जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार सुबह आठ बजे समाप्त बीते 24 घंटों में जिला मुख्यालय और कुशलगढ़ में 3-3 मिलीमीटर, केसरपुरा, घाटोल, और बागीदौरा में 5-5 मिमी और जगपुरा में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मेंटेन किया जा रहा माही का जलस्तर 281.38 मीटर
इधर, उदयपुर संभाग के सबसे बड़े माही बांध में 11 हजार 893 क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है। बांध का जलस्तर 281.38 मीटर बनाए रखते हुए सोमवार सुबह भी चार गेट खुले रखते हुए 15 हजार 214 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा सुरवानिया, घाटोल क्षेत्र के हरो सहित छोटे-बड़े बांधों में भी हल्की बारिश के साथ पानी की आवक हुई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HXwVCe
0 comments:
Post a Comment