बेलवा. (जोधपुर) क्षेत्र में गुरुवार को सुबह से बादलों की आवाजाही के बीच दोहपर करीब तीन बजे मूसलाधार बरसात शुरू हो गई। बिजली गर्जना के साथ करीब डेढ़ घंटे तक क्षेत्र में बादल जमकर बरसे।
मानसून बरसात में बोई गई फसलों को अब हुई झमाझम बरसात से फायदा होगा। बारिश से क्षेत्र के नाडी सरोवर लबालब भर गए है। छीतर पहाड़ी क्षेत्र में अच्छी बरसात होने से शेरगढ़ की सबसे बड़ी नदी गोतावर उफान पर बही। गोपालसर बेलवा पुलिया पर नदी के बहाव का आनंद लेने शाम को ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। वही नदी की रपट पर तेज पानी चलने से सडक़ मार्ग पर जाम लग गया। बुधवार रात्रि में भी गोतावर नदी का तेज बहाव होने से करीब दो घंटे जाम लगा रहा। हालांकि तेज बहाव में दुपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर नदी पार करते दिखे। बस्तवा माताजी गांव में बच्चों ने बहती नदी में नहाने का आनंद लिया।
एक घण्टे में 65 एमएम बरसात
शेरगढ़. लम्बे इन्तजार के बाद गुरुवार को शेरगढ़ कस्बे में जमकर बरसात हुई। इससे किसानों के चेहरे पर चमक आ गई। दोपहर करीब सवा एक बजे के आसपास बादल बरसने शुरू हुए। ये सिलसिला करीब एक घण्टे चला। कुल 65 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। जहां आम ग्रामीणों को खुशी हुई वहां कुछ दुकानदारों व निचली बस्ती वालों के लिए परेशानी भी बनी। तेज बारिश से गांधी चौक व निचली बस्तियों में पानी भर गया। कई दुकानों व घरों में भी पानी चला गया। प्रशासन पानी निकासी की व्यवस्था में जुटा हुआ है।
भगवान इन्द्र हुए मेहरबान
बाप कस्बे सहित आस-पास के क्षेत्र में बारिश हुई। गुरूवार को अलसुबह से ही आकाश में बादल छाए हुए थे। प्रात: करीब 11 बजे बारिश का दौर प्रारंभ हुआ, जो करीब 20 मिनट तक चला। बाप सहित जैतड़ासर, तैलियों की ढाणी, अणदासर, भरतासर, भोजो की बाप, सर की ढाणी, बोहरानाडा, एकलथली, मण्डोर, सिंधीपुरा व आस-पास के क्षेत्र में बारिश हुई। बारिश से कस्बे में चारो तरफ पानी ही पानी हो गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2KnkpNM
0 comments:
Post a Comment