जोधपुर.
जोधपुर ऐतिहासिक चांदबावड़ी का गत शुक्रवार रात ओवरफ्लो (ओटा) हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बावड़ी का 'मन की बात' कार्यक्रम में जिक्र किया था। इस बावड़ी में राणीसर-पदमसर सरोवर की शिराओं से पानी आता है। राणीसर आधे से ऊपर भरता है, तब ये बावड़ी स्वत: भर जाती है।
क्षेत्रवासी चंद्रशेखर दवे ने बताया कि प्राचीन चांदबावड़ी के ओटे को लोग शुभ संकेत मानते हैं। इस सीजन में कई लोग चांदबावड़ी, राणीसर-पदमसर देखने आते हैं।
बावड़ी ओवरफ्लो होने से शनिवार सुबह धमोळी पर्व मनाने वाली तीजणियों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोपाल मूथा ने बताया कि चांदबावड़ी के ओटे से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन सीवरेज मैन हॉल से बह रहे पानी को रोकने का नगर निगम की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा। इस कारण सिंजारा करने वाली महिलाओं और दुकानदारों को गंदगी से होकर गुजरना पड़ रहा है। तीज के दिन रविवार को भी महिलाएं परेशान होंगी।
नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक महेश चांवरिया ने बताया कि ओटे के पानी से मैन हॉल ओवर फ्लो हो रहा है। हमारी सीवरेज मशीनें काम कर रही हैं। इस बावड़ी का पानी ओवरफ्लो हो जाने से नाइयों के बड़ के आगे तक का क्षेत्र प्रभावित है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/33HZT2g
0 comments:
Post a Comment