जोधपुर.
डांगियावास थाना पुलिस ने पालासनी गांव के मकान में चोरी का खुलासा कर शनिवार को तीन भाइयों को गिरफ्तार किया। आरोपी पड़ोसी महिला के भाई हैं और घरवालों के बारात लेकर निकलने के बाद मकान सूना होने पर चोरी के लिए पीपाड़ से आए थे।
थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी ने बताया कि पालासनी में एक व्यक्ति के मकान में चोरी के मामले में संदेह के आधार पर पड़ोसी महिला राबिया के भाई अजहरूद्दीन व असलम से पूछताछ की। चूंकि चोरी करने के लिए चोर चिमनी से अंदर घुसे थे। एेसे में चोरों के शरीर पर चोट आने का अंदेशा था। दोनों भाइयों के शरीर पर भी चोट के निशान मिले।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने वारदात स्वीकार ली। दोनों ने चचेरे भाई मोहम्मद इमरान के भी वारदात में शामिल होने की जानकारी दी। एेसे में उसे भी पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद पीपाड़ शहर में अंबेडकर कॉलोनी निवासी अजहरूद्दीन (२१) पुत्र नूर मोहम्मद व उसका भाई असलम (२३) और पीपाड़ शहर में कुरैशियों का बास निवासी मोहम्मद इमरान (३२) पुत्र अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण व सात लाख रुपए बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पड़ोसी महिला की भूमिका जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि गुफरान व पड़ोसी राबिया में काफी समय से विवाद है। अजहरूद्दीन पड़ोसी की नाबालिग को भगा ले जा चुका है। छेड़छाड़, अपहरण व पोक्सो में उसे गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत पर बाहर है। गत २६ अगस्त को पड़ोसी मकान मालिक के चचेरे भाई का निकाह था। घरवाले सुबह नौ बजे बारात लेकर निकले थे और रात नौ बजे लौटे थे। इस दौरान वारदात की गई है। तीनों भाइयों को मकान के सूना होने के बारे में जानकारी कैसे मिली और वो किसके बुलावे पर यहां आए? इस संबंध में पड़ोसी महिला की भूमिका की जांच की जा रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2LiGL2w
0 comments:
Post a Comment