जोधपुर. बागर चौक स्थित एक स्कूल में नकाबपोश युवक अपने साथी के साथ तीन वर्षीय छात्रा को लेने पहुंच गया लेकिन चतुर्थ श्रेणी महिलाकर्मी ने सजगता दिखाते हुए छात्रा को पिता के अलावा किसी अन्य के साथ भेजने से इनकार कर दिया। सदर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
उप निरीक्षक कृष्णचंद के अनुसार कलाल कॉलोनी निवासी राजेन्द्र खींची की तीन वर्षीय पुत्री रिद्धी बागर चौक स्थित वैदिक कन्या स्कूल में प्ले ग्रुप की छात्रा है। विद्यालय में शुक्रवार सुबह दस-ग्यारह बजे मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक आया तो गेट पर खड़ी चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने उसे रोक लिया। उसका एक साथी स्कूल गेट के बाहर ही खड़ा रहा।
नकाबपोश युवक ने महिलाकर्मी से कहा कि वह प्ले ग्रुप में पढऩे वाली रिद्धी को लेने आया है। उसके माता-पिता ने उसे लेने के लिए भेजा है। मुंह पर कपड़ा बंधा होने से महिलाकर्मी को कुछ संदेह हो गया। उसने युवक से कहा कि छात्रा के पिता ने उसके अलावा किसी अन्य के साथ भेजने से मना किया है। तब युवक ने उससे कहा कि वह छात्रा के पिता से मोबाइल पर बात करा सकता है, लेकिन महिलाकर्मी ने पिता के अलावा किसी अन्य के साथ छात्रा को भेजने से स्पष्ट मना कर दिया। तब वह युवक बाहर निकल साथी के साथ चला गया।
पुलिस ने पिता राजेन्द्र खींची की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ पुत्री के अपहरण के प्रयास का मामला दर्ज किया है। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से पुलिस युवकों की तलाश के प्रयास कर रही है।
स्कूल प्रशासन की सूचना पर सकते में आए परिजन
युवक के लौटने के बाद चतुर्थ श्रेणी महिलाकर्मी ने स्कूल प्रशासन को जानकारी दी। छुट्टी होने पर परिजन पुत्री को लेने पहुंचे तो स्कूल प्रशासन ने उन्हें मामले से अवगत कराया। जिसे सुनकर घरवाले चौंक गए। उन्होंने ऐसे किन्हीं युवकों को रिद्धी को लेने भेजने से इनकार किया। छात्रा के पिता की किराणा दुकान है। पुलिस ने उससे किसी से रंजिश अथवा विवाद होने के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन पिता ने इनकार कर दिया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2J15Mk1
0 comments:
Post a Comment