बाप.( जोधपुर )
जिले के बाप थानान्तर्गत रिण (नमक उत्पादन क्षेत्र) में एसयूवी सवार चार बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने भी एक राउण्ड फायर किया, लेकिन बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पुलिस ने चारों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आए। बाप थाने में पुलिस पर जानलेवा हमला, राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार भींयासर गांव निवासी श्याम पूनिया पुत्र गोरधनराम बिश्नोई, भाटेलाई पुरोहितान निवासी श्रीराम पुत्र पांचाराम बिश्नोई चाडी में कृष्णानगर निवासी विक्रम उर्फ विक्की बाना पुत्र भगवानाराम बिश्नोई और मुकाम निवासी अशोक थालोड़ गुरुवार रात एसयूवी में भोजासर थाना क्षेत्र में पडि़याल गांव से निकल रहे थे। इसका पता लगने पर भोजासर थाना पुलिस पीछा शुरू किया। साथ ही वायरलैस सैट पर जानकारी देकर तलाश में नाकाबंदी कराई। लोहावट थानाधिकारी सुनील ताडा ने शैतानसिंह नगर में नाकाबंदी की। तभी बदमाशों के धोलासर भागने का पता लगा। पुलिस ने एसयूवी का पीछा शुरू किया।
तब तक बदमाश रिण क्षेत्र पहुंच गए थे। उसमें चारों बदमाश सवार थे। निजी वाहन में पीछा कर रही पुलिस जैसे ही बदमाशों की कार के पास पहुंची तो एसयूवी में सवार बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी एक राउण्ड फायर किया और खुद की जान बचाई। तब चारों बदमाश बाप, राणेरी, शेखासर की तरफ कच्चे मार्गों से होकर भाग निकले। पुलिस ने रातभर बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन किसी को भी कोई सुराग नहीं लग पाया। लोहावट थानाधिकारी ने चारों के खिलाफ फायरिंग कर जानलेवा हमला करने, राजकार्य में बाधा डालने का मामला बाप थाने में दर्ज कराया है।
दस-दस हजार के दो इनामी बदमाश हाथ से निकले
हार्डकोर बदमाश श्रीराम बिश्नोई पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट आदि के कई मामले दर्ज हैं। आईजी रेंज ने उसके बारे में सूचना व गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को दस हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। श्याम पूनिया पर भी आईजी रेंज ने दस हजार का इनाम घोषित कर रखा है। विक्रम उर्फ विक्की बाना चौतिना मर्डर मामले में आरोपी है। कानसिंह की सिड गांव में एंबुलेंस में तोडफ़ोड़ व चालक पर फायरिंग का भी आरोपी है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2WlK90F
0 comments:
Post a Comment