पीपाड़सिटी (जोधपुर). गुजरात के सूरत शहर में एक कोचिंग सेंटर में लगी आग से हादसे को देखते हुए रविवार को पालिका की ओर से किए गए मॉक ड्रिल से शहर में हडक़म मच गया। लेकिन इसकी जानकारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। रविवार दोपहर को एक बजे पालिका में फोन पर शहर के होलीधड़ा के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक निजी स्कूल में आग लगने की सूचना दी गई।
इस पर अवकाश के दिन भी कर्मचारियों ने सक्रियता बरतते हुए दमकल को सूचना दी। इस पर साथीन चौराहा से सायरन बजाती दमकल गुजरी तो शहर के प्रमुख रास्ते पर हडक़ंप मच गया। लगभग 9 मिनट में दमकल के साथ फायरमैन पहुंच गए और निजी स्कूल की दूसरी मंजिल में लगी आग पर काबू पाया गया।
पालिकाध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाहा भी मौके पर पहुंच और दस मिनट में पुलिस भी आ गई। लेकिन अवकाश के चलते कोई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित नही हो सके।
पालिकाध्यक्ष के अनुसार सूरत हादसे को देखते हुए पालिका की अग्निशमन सेवा की ऐसी घटनाओं को लेकर सक्रियता के साथ लोगो की जागरूकता के लिए ये मॉकड्रिल की गई। इस कार्रवाई के दौरान घटनास्थल के आस-पास यातायात जाम होने से आमजन को कुछ परेशानी हुई। इसके साथ पालिकाध्यक्ष ने शहरी क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं में आग नियंत्रण के साथ सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने पर बल देते हुए पालिका प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2EzXM5H
0 comments:
Post a Comment