जोधपुर. देश भर में इन दिनों क्रिकेट प्रेमियों की जुबां पर आईपीएल का खुमार चढ़ा हुआ है एेसे में भला जोधपुर शहर कैसे पीछे रहता। लम्बे समय से उपेक्षित शहर के बरकतउल्लाह खान स्टेडियम में आइपीएल मैच नहीं होने का मलाल गुरुवार को घंटाघर के साइकिल मार्केट में हुए पत्रिका के इलेक्शन टॉक मुद्दा क्या है में देखने को मिला। जहां चर्चा में शामिल हुए लोगों ने कहा कि इस बार उनका मुख्य मुद्दा शहर में आइपीएल मैच को लेकर रहेगा। चर्चा में शामिल दिलीपसिंह, मुकेश चौहान, सुधीर भंडारी आदि का कहना था कि शहर में स्टेडियम के सुधार को लेकर प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यही वजह है कि अच्छा स्टेडियम होने के बावजूद खेलप्रेमियों को क्रिकेट मैच के लिए तरसना पड़ रहा है। इस बार जो भी प्रत्याशी चुनाव में खड़ा हो रहा है उसे जीतने के बाद क्रिकेट मैच करवाने को लेकर प्रयास करने चाहिए।
जीएसटी, मंहगाई, गरीबी पर हो बात
चर्चा में शामिल अशोक सिंह चौहान, अनिल बाहेती, नरेश राजवानी आदि का कहना था कि व्यापारी वर्ग के लिए सबसे बड़ी समस्या जीएसटी की है। इससे ग्राहक व व्यापारी दोनों को ही नुकसान उठाना पड़ रहा है। एेसे में इसमें सुधार होना बेहद ही जरुरी है। घनश्याम अरोड़ा, जितेंद्र नागौरी, मनीष अरोड़ा आदि का कहना था कि चुनाव में गरीबी, महंगाई व रोजगार को लेकर भी बात होना जरुरी है। चुनाव में नेताओं की ओर से वोट पाने की लालसा में मुद्दों के बजाय फालतू की बयानबाजी कर जनता को गुमराह किया जाता है। एेसा नहीं होना चाहिए।
लोगों का यह भी कहना था कि चुनावी हित साधने के लिए दलबदल करने वाले नेताओं को पार्टियों की ओर से टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। नेता अपने स्वार्थ को साधने के लिए जनता की उम्मीदों पर खिलवाड़ करते हैं। चुनाव आयोग को एेसे लोगों के खिलाफ कड़े कानून बनाकर कार्रवाई करनी चाहिए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2WIsqAh
0 comments:
Post a Comment