जोधपुर.
जोधपुर डिस्कॉम के न्यू पावर हाउस मुख्यालय स्थित स्टोर में शुक्रवार रात भीषण आग लगने बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर और केबल के साथ अन्य उपकरण जल गए। नगर निगम की नौ दमकलों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित की। देर रात तक धुआं व ट्रांसफार्मर के ऑयल से हल्की लपटें निकल रही थी।
जानकारी के अनुसार न्यू पावर हाउस में मौजूद स्टोर में नए व पुराने ट्रांसफार्मर के साथ बिजली के तार, पोल सहित अन्य उपकरण मौजूद हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे स्टोर में आग लग गई। ट्रांसफार्मर चपेट में आ गए। इनके ऑयल की वजह से आग कुछ ही देर में विकराल हो गई। इससे एकबारगी हडक़म्प मच गया। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि पास की झाडि़यों से आग लगी हो सकती है।
आग की लपटों ने वहां रखे बिजली के उपकरणों को भी चपेट में ले लिया। जिससे एकबारगी बड़ी क्षति होने का अंदेशा होने लगा। आग का पता लगते ही शास्त्रीनगर स्थित अग्निशमन केन्द्र से पांच और बासनी से चार दमकलें मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि देर रात तक दमकलें मौके पर ही हैं।
ट्रांसफार्मर ऑयल से धुआं व लपटें निकल रही थी। जिन पर पानी डालने का कार्य चल रहा था। डिस्कॉम के एमडी अविनाश सिंघवी, सचिव आरडी बारहठ और अन्य अभियंता मौके पर पहुंचे। देर रात आग पर काबू पाया गया। डिस्कॉम ने प्रारंभिक तौर पर करीब 25 लाख के नुकसान का अंदेशा जताया है। बासनी व शास्त्रीनगर थाने से भी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली।
ट्रांसफार्मर ऑयल के कारण फैली आग
स्टोर में ट्रांसफार्मर का ऑयल भी रखा था। जो आग की चपेट में आ गया और लपटें आसमान छूने लगी। इसी वजह से आग एकबारगी बेकाबू हुईं।
सप्लाई होने थे ट्रांसफार्मर
कुछ दिन पहले ही ट्रांसफार्मर की नई खेप स्टोर में आई थी। अन्य जिलों से भी मरम्मत के लिए ट्रांसफार्म आए हुए थे। वो भी स्टोर में ही रखे हुए थे। जो मरम्मत के बाद वापिस भेजे जाने वाले थे। इनमें से अधिकांश आग की चपेट में आए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2uWRbNz
0 comments:
Post a Comment