अविनाश केवलिया/जोधपुर. दलित वोट बैंक साधने के लिए शहर में दोनों प्रमुख संगठनों ने जोर लगाया। भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। विधानसभा चुनावों में दलित वोट बैंक खिसकने के बाद अब पूरा जोर लगाया जा रहा है कि एससी-एसटी वर्ग भाजपा के साथ आए। वहीं दूसरी ओर टाउन हॉल परिसर में हुए दलित अधिवेशन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। यहां डॉ. भीमराव अम्बेडकर के पोस्टर के साथ वैभव गहलोत के पोस्टर भी लहराए गए।
पिछले साल का प्रकरण भुनाया
जोधपुर पश्चिमी राजस्थान में दलित राजनीति का केन्द्र इसलिए हैं क्योंकि पिछले साल एट्रोसिटी एक्ट को लेकर जो यहां प्रदर्शन हुए वह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया। पिछले साल अप्रेल माह में सबसे ज्यादा आक्रोश एससी-एसटी वर्ग का तत्कालीन सरकार के खिलाफ देखने को मिला था। भाजपा अब उसके डेमेज कंट्रोल में जुटी है तो कांग्रेस इस मुद्दे को दलित समाज में भुनाकर वोट बैंक मजबूत करने में जुटी है।
भाजपा : दलित वोट बैंक का डेमेज कंट्रोल करने की मशक्कत
भाजपा के एससी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सरदारपुरा मोटर मर्चेंट एसोसिएशन हॉल में हुई। केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, गजेन्द्रसिंह शेखावत सहित मोर्चें के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने अपना पूरा जोर लगाया। मोदी सरकार के पिछड़े वर्ग के लिए किए गए कार्यों को गिनाया गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार फुलवारिया व गणवत वर्मा ने सभी को एकजुट होकर भाजपा के लिए समर्थन मांगने का आह्वान किया। इसी प्रकार मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष ओ.पी महेन्द्रा ने बताया कि हर सीट पर 20 प्रतिशत वोट बैंक एससी-एसटी वर्ग का है। उनको भाजपा के पक्ष में करना है। कार्यक्रम को प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, चंद्रप्रकाश टायसन, विधायक मदन दिलावर व गोपाल पचेरवाल ने संबोधित किया। विधायक सूर्यकांता व्यास, शहर जिलाध्यक्ष जगतनारायण जोशी, फलोदी जिलाध्यक्ष रेवतसिंह राजपुरोहित व सुरेश मेघवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
साहित्य बांटा जिसे जनता तक पहुंचाने की अपील
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति वर्ग के लिए केन्द्र सरकार कीे ओर से किए गए कार्यों का साहित्य भी बांटा गया। अपील की गई कि एससी वर्ग के अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की गई। बैठक तीन सत्रों में हुई।
कांग्रेस : दलितों के समर्थन के लिए शक्ति प्रदर्शन
शहर के टाउन हॉल परिसर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर मूर्ति अनावरण समिति के बैनर तले दलित अधिवेशन का आयोजन हुआ। यहां कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में डॉ. अम्बेडकर व वैभव गहलोत के पोस्टर लहराए गए। गहलोत को लोकसभा प्रत्याशी बनाने की मांग रखी गई। साथ ही घोषणा की कि रथ बनाकर पश्चिमी राजस्थान में कांग्रेस के समर्थन में वोट मांगेंगे।
प्रदेश संयोजक घनश्याम मेघवाल ने बताया कि ओमजी महाराज, हरजी महाराज, आत्माराम महाराज, रामेश्वर महाराज सहित अन्य संतों की मौजूदगी में संभागभर से आए समाज के लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में दलित के साथ सम्पूर्ण रूप से सहयोग। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईद अंसारी, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सोलंकी, लूणी विधायक महेन्द्र बिश्नोई, संदीप मेहता, राजेश गहलोत, इकबाल सहित अन्य मौजूद रहे।
अध्यक्ष मदन सजाड़ा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में कांग्रेस के समर्थन की घोषणा की। संचालन सुनील सिद्धप व राजेश मेघवाल ने बताया कि यहां समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक होने की अपील की गई। इस मौके पर नरेश कंडारा, दाउलाल भील, भंवर दमामी, कालूराम भील, दिनेश कंडारा, थावरदास खींची, हेमाराम बोरू मौजूद थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Jh3w8X
0 comments:
Post a Comment