-घबराई महिला व बच्चे जागे और छत पर भागकर पुलिस को दी सूचना
जोधपुर.
मणिपुर से मादक पदार्थ की तस्करी के लिए कार देने से इनकार करने से गुस्साए पूर्व सरपंच व हिस्ट्रीशीटर ने डीपीएस बाइपास पर आवासीय कॉलोनी में लेडी डॉन के बंगले पर मंगलवार तड़के हमला कर दिया। लगिए व लाठी-डण्डों से खिड़कियों के कांच फोड़ दिए और डीजल डालकर मुख्य गेट को आग लगा दी गई। जैरीकेन में भरा डीजल घर में बहाकर आग लगाने की कोशिश भी की गई, लेकिन गनीमत रही कि सिर्फ दरवाजा ही जल पाया। कोई जनहानि नहीं हुई। बोरानाडा थाना पुलिस हिस्ट्रीशीटर व उसके गुर्गों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार पाश्र्वनाथ सिटी आवासीय कॉलोनी में सेक्टर सी निवासी सुमता उर्फ सुनीता बिश्नोई तड़के दोनों बच्चों के साथ घर में सो रही थी। सुबह करीब चार बजे एसयूवी में सवार पूर्व सरपंच व हिस्ट्रीशीटर पोलाराम जाट व सात-आठ अन्य व्यक्ति वहां आए। मुख्य गेट पर लगा बिजली का मीटर तोड़ दिया। बिजली कनेक्शन भी काट दिया। मुख्य गेट को तोड़ सभी अंदर घुसे। दो कैमरे भी तोड़े।
लगिए, सरिए व डण्डों से लकड़ी के दरवाजे व खिड़कियों में तोड़-फोड़ कर दी। कांच फोड़ दिए। दरवाजा न खोलने पर हमलावरों ने बीस लीटर जैरीकेन में भरा डीजल अंदर वाले गेट पर डाला और आग लगा दी। इतना ही नहीं, डीजल को दरवाजे के नीचे से घर में डाल दिया। फिर जलता कपड़ा भी अंदर फेंका, लेकिन आग नहीं लग पाई। घर के पॉर्च में खड़ी मोपेड व चार पहिया मोटरसाइकिल पर भी हमले कर क्षतिग्रस्त की और एसयूवी में भाग निकले। तब घरवाले नीचे आए और आग बुझाई।
सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) सिमरथाराम व बोरानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आस-पास के सीसीटीवी खंगाले। जिसमें एसयूवी सवार हमलावर नजर आ गए। पोलाराम व अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सिरमथाराम का कहना है कि मुख्य हमलावर पोलाराम जाट व अन्य हमले में शामिल थे। इनकी तलाश की जा रही है।
घर में फैली डीजल की गंध, पूरा घर धोया--
हमलावरों ने पॉर्च व लकड़ी के दरवाजे पर ही नहीं बल्कि दरवाजे के नीचे से डीजल डाल दिया। पॉर्च में डीजल गिरा दिया। जिससे पूरे घर में डीजल की गंध ही गंध हो गई। पुलिस के मौका मुआयना करने के बाद पूरे घर को धोने के बाद भी गंध नहीं निकली।
'मैंने तस्करी छोड़ दी, फिर भी दबाव डाल रहे'--
हाइटेक तरीके से डोडा पोस्त तस्करी के मामले में पुलिस ने अक्टूबर 2016 में मूलत: बिरामी हाल पाश्र्वनाथ सिटी निवासी सुनीता उर्फ सुमता बिश्नोई को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे। जमानत पर रिहा होने के बाद बोरानाडा थाना पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट भी खोली थी। सुमता का कहना है कि जमानत पर बाहर आने के बाद से उसे मादक पदार्थ की तस्करी बंद कर ठेकेदारी शुरू कर दी थी। पिछले दस-पन्द्रह दिन से बारनाऊ का पूर्व सरपंच पोलाराम जाट मणिपुर से माल यानि मादक पदार्थ लाने के लिए कार मांग रहा था, लेकिन वह टालमटोल कर रही थी। दो दिन पहले उसने कार देने से साफ इनकार कर दिया था। तब पोलाराम ने बंगला खाली करने को धमकाया। साथ ही उसे घर पर ही रहने पर जान से मारने की धमकी दी थी। महिला ने पोलाराम की धमकियों संबंधी व्हॉट्सएेप चैट पुलिस को सौंपी है।
कॉलोनीवासियों में दहशत--
सुमता का कहना है कि हमले करने पर धमाकों की आवाज सुनकर वह और घरवाले उठे। बाहर देखा तो तोड़-फोड़ की जा रही थी। तब सभी छत पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीसीआर वैन पहुंची तब तक सभी भाग गए। घर के ऊपर लगे कैमरे में हमलावरों की हरकत कैद हो गई। हमले से आस-पास रहने वालों में खौफ व्याप्त हो गया।
कार नम्बर से ट्रैवल्स संचालक को थाने बुलाया--
मुख्य हमलावर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी और हमले सहित अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। कैमरे में नजर आए हमलावरों की कार नम्बर के आधार पर पुलिस एक कार टैक्सी ट्रैवल्स संचालक को नींद से उठाकर थाने बुलाया, लेकिन जांच में उसकी भूमिका नहीं मिली।
Report By- Vikas Chaudhary
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2t8BbqM
0 comments:
Post a Comment