जोधपुर.
केएन कॉलेज चौराहे के पास मंगलवार देर रात पिकअप में सवार युवक स्लीपर बस पर फायर व सरिये से कांच फोड़ कर भाग निकले। बस चालक जेठू सिंह ने बताया कि बीकानेर से अहमदाबाद जाने के लिए वो रात करीब बारह बजे पावटा चौराहा पहुंचा। यात्री लेने के बाद बस केएन कॉलेज चौराहा पहुंची, जहां पिकअप में सवार युवक ने बस रोकने का इशारा किया। यात्री होने की संभावना के चलते चालक ने बस रोकी तभी दो युवक लोहे का सरिया व बन्दूक लेकर पिकअप से नीचे उतरे, इस बीच एक युवक ने सरिये से मुख्य कांच व साइड वाले कांच फोड़ डाले दूसरे युवक ने बन्दूक से एक फायर किया जो आगे जाली से होकर रेडियटर में जा लगा। इससे इंजन का ऑयल चेम्बर भी फूट गया। इसी दौरान एक युवक ने चालक से बस की चाबी छीनने की प्रयास भी किया लेकिन चालक के विरोध करने पर सभी भाग निकले।
वारदात का पता लगते ही पुलिस उपायुक्त पूर्व धर्मेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पिकअप की तलाश में नाकाबंदी कराई लेकिन हमलावरों का पता नहीं लग पाया।
यात्रियों में हड़कम्प
हमले के दौरान अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे। सरिये से कांच फूटने व फायर की आवाज सुनकर उनमें हड़कम्प मच गया।
तीसरी बार बस पर हमला
बीकानेर की स्लीपर बस बीकानेर से अहमदाबाद चलती है गत वर्ष तीन दिसम्बर की देर रात जेएनवीयू न्यू कैम्पस के पास हमला कर कांच फोड़ दिए गए थे। इससे पहले भी मोगड़ा के पास बस पर हमला किया गया था। एक भी वारदात में हमलावर पकड़ना तो दूर पुलिस सुराग तक नहीं लगा पाई है। इस कार्यशैली पर पुलिस उपायुक्त धर्मेन्द्र सिंह ने नाराजगी भी जताई। हमले के कारण पता नहीं लग पाए हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2AM7PCC
0 comments:
Post a Comment