जोधपुर. कांग्रेस और भाजपा दोनों ही लोकसभा चुनावों की रणभेरी बजा चुके हैं। कांग्रेस की बैठक में प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में हुए हंगामे से जहां माहौल गर्मा गया था तो सोमवार को शाम सात बजे हुई भाजपा की बैठक में भी कार्यकर्ताओं का उबाल बाहर आ गया। विधानसभा चुनावों में हार की समीक्षा व लोकसभा चुनावों की तैयारियों के लिए हुई बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपनी बात रखी। शास्त्री नगर स्थित स्टील भवन में हुई बैठक जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय राज्य मंत्री व सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत मौजूद थे। बैठक में मंडल से लेकर जिला पदाधिकारियों व शक्ति केन्द्रों के संयोजकों से फीडबैक लिया गया तो उन्होंने संगठन के प्रति रोष स्पष्ट किया। कार्यकर्ता बोले कि चुनाव के समय ही उन्हें याद करते हो, बाकी समय कोई पूछता नहीं। फिर कैसे होगी जीत। कार्यकर्ताओं के उबाल को बड़े नेताओं ने शांत किया। हालांकि बंद हॉल में हुई इस बैठक की कई बातों को सार्वजनिक नहीं होने दिया गया। बैठक की शुरुआत मां सरस्वती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि से हुई।
आधा प्रतिशत कम वोट मिलने से हारे
केन्द्रीय राज्य मंत्री शेखावत ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता ईमानदारी से आत्ममंथन करे। विधानसभा चुनावों में प्रदेश में केवल आधा प्रतिशत मतदान की कमी से चुनाव हारे हैं। लेकिन अब आगामी लोकसभा चुनाव में सभी तरह के पूर्वाग्रह को भुलाकर एकजुट होकर केन्द्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना है।
मिशन के रूप में काम करें
बैठक में मुख्य वक्ता नागौर विधायक मोहनलाल चौधरी ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने जन कल्याण के लिए कई कार्य किए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कुशल संगठन कर्ता है। विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाई है। अब हमारा लक्ष्य केवल एक है अबकी बार फिर से मोदी सरकार। इसे मिशन मान कर काम करना है।
यह रहे मौजूद
भाजपा उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दैया, मंत्री नरेश सुराणा, विजय राजोरिया, सुनील दत्त शर्मा, अब्दुल नईम सिलावट, संभाग कार्यालय प्रभारी मदन बोराणा, मण्डल अध्यक्ष व पदाधिकारी दिनेश बोहरा, कैलाश गौड़, सुरेश भाटी, राजु संभवानी, प्रकाश मेवाड़ा, नवीन वैष्णव, अब्दुल रशीद अब्बासी, किशन लड्डा, ललित शर्मा, शिवदानसिंह भाटी मौजूद रहे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2DaIrrI
0 comments:
Post a Comment