जोधपुर. पाली रोड पर मोगड़ा गांव के पास शुक्रवार दोपहर ओवरटेक के चलते एक कंटेनर ट्रेलर की चपेट से मोटरसाइकिल सवार एक श्रमिक की मौत और उसके एक भाई सहित दो श्रमिक घायल हो गए। संभवत: तीनों श्रमिक रोहट से कुछ आगे ओम बन्ना के स्थान से लौट रहे थे।
एएसआइ विश्राम के अनुसार मूलत: बाड़मेर में कवास हाल सूरसागर रावटी में घोड़ा घाटी निवासी शक्ताराम (24 ) पुत्र राजूराम भील व उसका भाई रमेश (20) और मूलत: डेगाना में मीठडि़या हाल घोड़ा घाटी निवासी मुकेश पुत्र गिरधारीलाल मेघवाल दोपहर करीब दो बजे एक ही मोटरसाइकिल पर रोहट की तरफ से लौट रहे थे। बाइक के मोगड़ा गांव के समीप पहुंचने पर ओवरटेक के प्रयास में कंटेनर ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। तीनों उछलकर सडक़ पर जा गिरे और ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। आस-पास के लोगों ने तीनों को मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया, जहां शक्ताराम की मृत्यु हो गई। जबकि अन्य दोनों का उपचार चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि शक्ताराम कमठा कारीगर था। जबकि उसका भाई रमेश और मुकेश भी साथ काम करते थे। तीनों संभवत: ओम बन्ना के स्थान के दर्शन कर लौट रहे थे। हालांकि इस बारे में परिजन के पहुंचने पर पुष्टि हो पाएगी। उधर हादसे के बाद पुलिस ने कंटेनर ट्रेलर व बाइक जब्त कर ली। जबकि चालक फरार हो गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2W2k5b6
0 comments:
Post a Comment