जोधपुर। झंवर थानान्तर्गत बाड़मेर रोड पर लूणावास चारणान गांव के पास बुधवार सुबह टैंकर को ओवरटेक के प्रयास में कार और बोलेरो की भिड़ंत में कार में सवार नानी व दोहिती की मृत्यु हो गई। मृतका के बैंक मैनेजर पति, एक महिला व उसका पुत्र घायल हो गए।
मृतका के पुत्र की तीन दिन पहले ही सगाई हुई थी और समारोह के बाद बाड़मेर के बायतु स्थित बैंक जा रहे थे। झंवर थानाधिकारी लेखराज सियाग के अनुसार मूलत: गंगाणी के पास नगरिया गांव हाल लालसागर में नरसिंह विहार निवासी रामूराम धौलिया बायतु में एसबीआई की शाखा के मैनेजर हैं।
वो अपनी पत्नी अणचीदेवी व दोहिती भुवन्या उर्फ बिट्टू (4) पुत्री डॉ अमन चौधरी के साथ सुबह 6.30 बजे बायतु के लिए कार में घर से रवाना हुए। उनके साथ में बायतु निवासी अणची देवी व उसका पुत्र पवन भी थे। रामूराम कार चला रहे थे। सुबह करीब सात बजे लूणावास चारणान गांव के पास पहुंचने पर टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से बोलेरो आ गई और कार की बोलेरो से भिड़ंत हो गई। कार में सवार पांचों गंभीर व बोलेरो चालक घायल हो गए।
सभी को एम्बुलेंस सभी को मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राधादेवी व दोहिती भुवन्या को मृत घोषित कर दिया। जबकि बैंक मैनेजर रामूराम, अणची देवी व पवन को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बाड़मेर के सिणधरी में होड़ू गांव निवासी मृतका भुवन्या के पिता डॉ अमन चौधरी पुत्र पुरखाराम ने पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। साथ ही दोनों शव के पोस्टमार्टम कराए।
सगाई की खुशियों पर मातम छाया
बायतु की एसबीआई शाखा के मैनेजर रामूराम के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। दोहिती भुवन्या ननिहाल ही रह रही थी। इकलौते पुत्र की गत सोमवार को ही सगाई थी। घर में खुशियों का माहौल था। समारोह के कामकाज निपटाकर वे अल-सुबह घर से बायतु के लिए रवाना हुए थे। उन्हें दस बजे ड्यूटी पर बैंक जाना था, लेकिन जोधपुर जिले से बाहर निकलने से पहले ही हादसा हो गया। दो दिन पहले हंसी-खुशी वाले माहौल में मातम सा छा गया।
सगाई में शामिल होने के लिए बायतु में पड़ोसी अणचीदेवी व पुत्र पवन भी जोधपुर आए थे और समारोह में शामिल होने के बाद वो दोनों भी रामूराम व पत्नी के साथ घर लौट रहे थे।
गांव में नानी-दोहिती का अंतिम संस्कार
अपराह्न में परिजन नानी व दोहिती के शव लेकर लालसागर में नरसिंह विहार स्थित आवास पहुंचे, जहां शौक छा गया। सभी की आंखों से आंसू निकल आए। बाद में परिजन दोनों शव गांव ले गए, जहां शाम को दोनों को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2MsuVTn
0 comments:
Post a Comment