जोधपुर. महामंदिर थाना पुलिस ने शिवशक्ति नगर में मां व मासूम बेटी की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार किया। सास की भूमिका की जांच की जा रही है। थानाधिकारी देवेंद्रसिंह के अनुसार शिवशक्ति नगर गली-3 निवासी महिला के पति युधिष्ठिर और ससुर जगदीश को गिरफ्तार कर रविवार शाम अवकाशकालीन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपियों से दीपिका और मासूम पुत्री सायना की मृत्यु के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी मृतका की सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दीपिका ने ससुराल वालों की प्रताडऩा से परेशान होकर बेटी के साथ आत्महत्या की अथवा उनकी हत्या कर शव टांके में डाले गए। गौरतलब है कि दीपिका (25) व पुत्री सायना (3) की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि दोनों के शव घर में बने टांके में मिले थे। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया था। मृतका के पिता, मथानिया निवासी गिरधारीलाल का आरोप है कि पति व अन्य ने दीपिका और सायना की हत्या कर शव टांके में डाले गए। उनकी शिकायत पर प्रताडऩा व दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Rsr12R
0 comments:
Post a Comment