महिला ने फंदे पर लटक कर जान दी, पति हिरासत में
जोधपुर. प्रतापनगर थानान्तर्गत संजय ए कॉलोनी स्थित मकान में बुधवार सुबह एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला। संभवत: मंगलवार मध्यरात्रि उसने आत्महत्या की होगी। पति व ससुराल के अन्य लोगों पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने उसके पति हिरासत में लिया है। थानाधिकारी पुष्पेन्द्र आढ़ा के अनुसार संजय ए कॉलोनी की गली-1 निवासी मंजू (40)पत्नी राजेन्द्र जीनगर ने ओढऩे से फंदा लगाकर जान दी है। सुबह दस बजे उसके आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव फंदे पर लटक रहा था। प्रतापनगर में रहने वाले पिता व पीहर पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। प्रारम्भिक जांच के बाद शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया। मृतका के पिता मदनलाल ने दामाद राजेन्द्र जीनगर, ससुर लक्ष्मीचंद, जेठ अरविंद, देवर नारायण, ननद संतोष व आनंद के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतका की शादी बीस साल पहले हुई थी। उसे दो बच्चे भी हैं। पति कोई काम नहीं करता है। मंजू अपने पति के साथ ही ससुराल के अन्य लोगों से परेशान चल रही थी। संभवत: उसने मंगलवार रात आत्महत्या की है। इस संबंध में घरवालों को सुबह पता लगा।
---------
चोरी के आरोप में जेल में बंद महिला से मोबाइल जब्त
केन्द्रीय कारागार में बंदियों की आकस्मिक तलाशी के दौरान दो बंदियों से मोबाइल जब्त किए गए। इसमें एक महिला बंदी भी शामिल है। दोनों के खिलाफ रातानाडा थाने में अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार बंदियों के पास आपत्तिजनक सामग्री के साथ ही मोबाइल होने के संदेह में जेल प्रशासन ने मंगलवार को आकस्मिक तलाशी ली। महिला जेल में तलाशी के दौरान मनचली बाई के कब्जे से एक एन्ड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। महिला जेलर संपति पत्नी बुधाराम मेघवाल ने उसके खिलाफ राजस्थान कारापाल अधिनियम में मामला दर्ज कराया है। वह मूल रूप से मध्यप्रदेश हाल सिरोही की रहने वाली है। उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज है। दूसरी तरफ, तलाशी के दौरान पुरुष जेल में बंद बंदी मोडाराम के पास भी एक मोबाइल बरामद हुआ। इस बारे में कारापाल जगदीश प्रसाद पूनिया की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है।
---------
42 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार
रातानाडा थाना पुलिस ने सांसी कॉलोनी में एक युवक के कब्जे से 42 ग्राम स्मैक जब्त कर उसे गिरफ्तार किया। उससे स्मैक सप्लाई करने वाले के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान सांसी कॉलोनी निवासी श्रवण सांसी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आई। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास पॉलिथीन की थैली में 42 ग्राम स्मैक मिली। जिसे एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर आरोपी सांसी कॉलोनी निवासी श्रवण उर्फ पेमिया पुत्र चिमनलाल सांसी को गिरफ्तार किया गया। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमाण्ड पर भेजने के निर्देश दिए गए।
---------
शादी समारोह में स्टेज पर रखा बैग चोरी
शादी समारोह के सीजन में चोरों की गैंग भी सक्रिय है। मेहमानों के बीच सज-धज कर आने वाले चोर बैग व कीमती सामान चुरा रहे हैं। चौपासनी बाइपास स्थित मैरिज गार्डन में शादी समारोह के दौरान स्टेज पर रखा महिला का पर्स किसी ने चुरा लिया। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस के अनुसार सांगरिया फांटा के पास शंकर नगर निवासी उर्मिला पुत्री श्रवणराम नायक गत 24 जनवरी की रात चौपासनी रोड स्थित गढ़ गोविंद होटल में शादी समारोह में गई थी। उसके पास एक बैग था। जो उसने वहां स्टेज पर रख दिया और खुद किसी काम में व्यस्त हो गईं। कुछ देर बाद उसे बैग का ध्यान आया, लेकिन तब तक स्टेज पर रखा बैग गायब था। जिसमें एक मोबाइल, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज के पचास फोटो, कॉलेज फीस की रसीद और कुछ अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। युवती ने मेहमानों के बीच शामिल चोरों की तलाश के प्रयास किए। फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी चेक की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में उसने राजीव गांधी नगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दो दिन पूर्व भी हुआ बैग चोरी
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में सेक्टर 16 स्थित दशहरा मैदान में चल रहे शादी समारोह में दो दिन पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर राहुल सिंह की पत्नी का बैग किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया था। जिसमें आठ हजार रुपए, जेवर व जरूरी दस्तावेज रखे थे। चौहाबो थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।
---------
लाइन बिछाने को रखे लोहे के 121 पाइप चोरी
दईजर स्थित सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय के पास पाइप लाइन बिछाने के लिए रखे लोहे के 121 पाइप किसी ने चुरा लिए। ठेकेदार ने तीन श्रमिकों पर संदेह व्यक्त करते हुए करवड़ थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर निवासी लक्ष्मीनारायण भाटी की शिकायत पर लोहे के 121 पाइप चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। ठेकेदार भाटी ने अपनी रिपोर्ट में पाइप लाइन बिछाने का कार्य करने वाले बिरानी की देवासियों की ढाणी निवासी पप्पूराम देवासी, बाबूलाल देवासी व जाजीवाल खींचियान निवासी बबलू उर्फ कानाराम पुत्र तेजाराम पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस विश्वविद्यालय के पास पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसके लिए वहां लोहे के पाइप डाल कर रखे गए थे। इनमें से 121 पाइप गायब मिले। इसके बाद से तीनों श्रमिकों ने भी काम पर आना बंद कर दिया। इससे तीनों पर चोरी का संदेह जताया जा रहा है। वारदात गत 18 से 28 जनवरी के बीच बताई जाती है। एएसआई धीराराम को जांच सौंपी गई है।
----------
राह चलते युवक से मोबाइल लूटा
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में सेक्टर 16 स्थित लवकुश अनाथ आश्रम के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक ने राह चलते एक युवक के हाथ से मोबाइल लूट लिया। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर 17 निवासी दिनेश पुत्र जीवराज सुथार मंगलवार को मोबाइल पर किसी से बात करते हुए निकल रहा था। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक उसके पास आया और झपट्टा मारकर मोबाइल लूट लिया। उसने पीछा भी किया, लेकिन मोटरसाइकिल पर होने से वह पकड़ में नहीं आया। फिर उसने पुलिस में सूचना दी। अभी तक लुटेरे का सुराग नहीं लग पाया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2BbRkzT
0 comments:
Post a Comment