वीडियो : एसके मुन्ना/जोधपुर. समूचे विश्व को प्रेम-दया का संदेश देने वाले प्रभु यीशू मसीह के जन्म दिन ‘क्रिसमस’ के उपलक्ष्य में सोमवार की रात प्रमुख गिरिजाघरों में मिड-नाइट केंडल लाइट सर्विस का आयोजन किया गया। आकर्षक रोशनी से सजे गिरिजाघरों में मध्यरात्रि आराधना के बाद चर्च में क्रिसमस की बधाइयां देने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। समरवेल मेमोरियल चर्च में मंगलवार सुबह 9 बजे आराधनालय चर्च व एसएम चर्च की संयुक्त क्रिसमस आराधना हुई। सभी कलिसिया सदस्य घर पर बने केक लेकर आए और आराधना के बाद कॉफी के साथ वितरण किया। सेन्ट्रल मेथोडिस्ट चर्च में रेव्ह. फिलिप और बिशप सुबोध मंगल के सान्निध्य में तथा क्राइस्ट चर्च में रेव्ह. मनीष राव के सान्निध्य में मध्यरात्रि आराधना की गई। मंगलवार को ट्रिनिटी चर्च,हार्वेस्ट चर्च, ब्रदर एसेम्बली चर्च, इंडियन पेंटाकॉस्टल चर्च, आर्थोडॉक्स चर्च, मार्थोमा चर्च में सुबह क्रिसमस आराधना की गई। इस अवसर पर मसीही समाज के घरों में क्रिसमस कैरोल्स गायन कर मित्रों-परिजनों को केक खिलाकर क्रिसमस की बधाई दी। जेडीए सर्किल के पास स्थित सेंट थेरेसास् कैथोलिक चर्च में फादर क्लेमेंट, फादर जोस मथाइस, फादर जोस कुट्टी, कुड़ी भगतासनी स्थित सेंट मदर टेरसा कैथोलिक चर्च में फादर मार्टिन मंगल के सान्निध्य में आयोजित क्रिसमस मिड नाइट सर्विस में अमन-चैन की प्रार्थना की गई। चर्च परिसर में बेथहेलम गांव और यीशू जन्म से जुड़ी ‘क्रिब’ झांकी में प्रभु यीशू के बालस्वरूप को विराजित करने के बाद आराधना का शुभारंभ किया। समरवेल मेमारियल चर्च की संयुक्त क्रिसमस आराधना (केंडल लाइट सर्विस) कुड़ी भगतासनी स्थित आराधनालय चर्च में रेव्ह. जितेन्द्रनाथ व रेव्ह. क्रिस्टिना डेनियल के सान्निध्य में की गई। रात्रि करीब 11.30 बजे सभी सदस्य हाथों में केंडल लिए चर्च परिसर में पहुंचे। चर्च के सचिव डेनिस एलेक्जेण्डर ने बताया कि मध्यरात्रि आराधना में कलिसिया के समस्त मसीहीजनों ने यीशु जन्म से जुड़े गीत प्रस्तुत किए।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2T7psne
0 comments:
Post a Comment