gajendra singh dahiya/जोधपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) आरएएस प्री-2018 का परीक्षा परिणाम इसी सप्ताह दुबारा जारी कर सकता है। राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा आरपीएससी को सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की कटऑफ के बराबर अंक प्राप्त करने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल करने के निर्देश देने के बाद आयोग सोमवार को फुल कमिशन की बैठक में आरएएस प्री रिजल्ट दुबारा जारी करने पर निर्णय किया जा सकता है। दुबारा परिणाम निकालने पर इसी महीने की 23 व 24 दिसम्बर को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा की तिथि में भी बदलाव की संभावना है।
आरएएस प्री-2018 परीक्षा का आयोजन इसी साल 5 अगस्त को किया गया था। इसका परिणाम 78 दिन बाद 23 अक्टूबर की रात एक बजे जारी किया गया। इसमें सामान्य वर्ग की कटऑफ 76.06 और अन्य पिछड़ा वर्ग की कटऑफ 99.33 गई। ओबीसी की कटऑफ बहुत अधिक उच्च रहने से कई अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए। ओबीसी के कुछ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने आरपीएससी को नोटिस जारी करने व उसका पक्ष सुनने के बाद एक दिसम्बर को ओबीसी के अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उन्हें भी मुख्य परीक्षा में शामिल करने के निर्देश दिए। रविवार को अवकाश होने से सोमवार को आरपीएससी के सदस्य व अधिकारी न्यायालय के आदेश पर चर्चा करेंगे। उसके बाद फुल कमिशन की बैठक होगी, जिसके बाद आरएएस परीक्षा पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
ओबीसी अभ्यर्थियों को भी चाहिए समय
‘आरएएस मुख्य परीक्षा में केवल बीस दिन शेष है। दुबारा परीक्षा परिणाम जारी होने पर शामिल हुए नए अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए आरपीएससी को कम से कम 45 दिन का समय देना होगा। ऐसे में मुख्य परीक्षा आगे खिसकने की संभावना है।
फुल कमिशन लेगा निर्णय
‘हमें न्यायालय के आदेश की प्रति अभी मिली नहीं है। वकील ने बताया था कि सामान्य वर्ग की कटऑफ के समकक्ष आने वाले ओबीसी अभ्यर्थियों को भी मुख्य परीक्षा में शामिल किया जाना है। आरएएस-प्री का दुबारा परिणाम और मुख्य परीक्षा के संबंध में आयोग का फुल कमिशन ही निर्णय करेगा।
प्रेमचंद बैरवाल, सचिव, राजस्थान लोक सेवा आयोग
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2zDp88z
0 comments:
Post a Comment