दौलत सिंह चौहान
जोधपुर। Rajasthan Election 2018- पश्चिमी राजस्थान में सर्द होती रातों के बीच चुनावी सरगर्मियों ने लोगों की सर्दी उड़ा दी है। विधानसभा की कुल 200 में से मारवाड़ की लगभग एक चौथाई (43) सीटें खासा महत्व रखती है। दो बार मुख्यमंत्री रहे अशोक गहलोत यहीं से आते हैं। लेकिन 2013 के चुनाव में कांग्रेस इन 43 में से खुद गहलोत की सरदारपुरा सीट समेत सिर्फ 3 सीटें जीत पाई थी। ऐसे में कांग्रेस के सामने मारवाड़ में खोने को कुछ नहीं है तो भाजपा के सामने सीटें बचाने की कठिन चुनौती है। नागौर और बाड़मेर की कुछ सीटों पर हनुमान बेनीवाल की रालोपा तो कुछ अन्य पर दोनों दलों के बागी जीत के मंसूबों पर भारी पड़ सकते हैं।
जोधपुर: कांग्रेस की हालत में होगा सुधार
फलोदी में भाजपा के पब्बाराम कांग्रेस के महेश और निर्दलीय कुंभसिंह में त्रिकोणीय मुकाबला हैं। लोहावट में भाजपा के गजेन्द्रसिंह खींवसर और कांग्रेस के किसनाराम से सीधी टक्कर है। शेरगढ़ में भाजपा के बाबूसिंह और कांग्रेस की मीना कंवर में कांंटे का मुकाबला है। रालोपा के तगाराम से कांग्रेस नुकसान हो रहा है। ओसियां मे भाजपा के भैरोराम, कांग्रेस की दिव्या और महेन्द्र भाटी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। वहीं भोपालगढ़ में भाजपा की कमसा और कांग्रेस के भंवर पर रालोपा के पुखराज भारी पड़ रहे हैं। बिलाड़ा में भाजपा के अर्जुनलाल, कांग्रेस के हीराराम और रालोपा के विजेन्द्र में त्रिकोणीय, तो लूणी में कांग्रेस के महेन्द्र, भाजपा के जोगाराम, रालोपा के भंवरलाल और पप्पूसिहं में चतुष्कोणीय मुकाबला है। जोधपुर शहर में भाजपा के अतुल और कांग्रेस की मनीषा में कांटे की टक्कर है तो सरदारपुरा में पूर्व सीएम अशोक गहलोत भाजपा के शंभूसिंह पर बढ़़त बनाते दिख रहे हैं। सूरसागर में भाजपा की सूर्यकांता को कांग्रेस के अयूब टक्कर दे रहे हैं।
बाड़मेर: घिर गए खुमाण सिंह
बाड़मेर में भाजपा के सोनाराम और कांग्रेस के मेवाराम में टक्कर है तो शिव में कांग्रेस के अमीन खां मानवेंद्र के साथ से भाजपा के खुमाण सिंह पर भारी दिख रहे हैं। गुड़ामलानी से कांग्रेस के हेमाराम व भाजपा के लादूराम में मुकाबला है। पचपदरा में कांग्रेस के मदन प्रजापत और भाजपा के अमराराम मुकाबले में हैं। सिवाना में कांग्रेस के पंकज , भाजपा के हमीर और बालाराम मैदान में हैं। मुकाबला हमीर व बालाराम में माना जा रहा है। चौहटन में कांग्रेस के पदमाराम व भाजपा के आदूराम में टक्कर है तो बायतु में कांग्रेस के हरीश, भाजपा के कैलाश, रालोपा के उम्मेदाराम में मुकाबला है।
पाली: मुकाबला है बराबरी का
पाली में भजपा के ज्ञानचंद पारख, कांग्रेस के महावीर और निर्दलीय भीमराज भाटी मैदान में है। टक्कर पारख और भाटी में मानी जा रही है। सुमेरपुर में भाजापा के जोराराम और कांग्रेस की रंजू में है। रंजू के सामने पार्टी के परंपरागत वोटो को सहेजने की चुनौती है। सोजत में कांग्रेस की शोभा सोलंकी और भाजपा की शोभा चौहान में मुकाबला है। जैतारण में कांग्रेस के दिलीप, भाजपा के अविनाश और सुरेंद्र गोयल में मुकाबला है। बाली के पुष्पेन्द्र का मुकाबला एनसीपी के उम्मेदसिंह से है। मारवाड़ जंक्शन में भाजपा के केसाराम, कांग्रेस के जसाराम और निर्दलीय खुशवीर, लक्ष्मीनारायण में मुकाबला है।
जैसलमेर: नतीजों पर सबकी नजर
जैसलमेर से भाजपा ने सांंगसिंह भाटी को तो कांग्रेस ने रूपाराम मेघवाल को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने दूसरी बार सामान्य सीट पर एससी का प्रत्याशी उतारा है। भाजपा प्रत्याशी के लिए राजपूत समाज की भाजपा से नाराजगी चिंता का सबब बनी हुई है क्योंकि यहां पर सर्वाधिक मतदाता राजपूत हैं। वहीं पोकरण में भाजपा ने महंत प्रतापपुरी तो कांग्रेस ने सालेह मोहम्मद को मैदान में उतारा है। दोनों अपने-अपने संप्रदाय में प्रभावशाली हैं। ऐसे में वोटों के ध्रुवीकरण की आशंका है। यहां के नतीजों पर प्रदेश की नजर टिकी है।
जालोर: बागी बन रहे राह में रोड़ा
जालोर में भाजपा के जोगेश्वर और कांग्रेस की मंजू के बीच सीधी टक्कर है। आहोर में कांग्रेस के सवाराम, भाजपा के छगनसिंह और जगदीश के बीच मुकाबला है। जगदीश कांग्रेस की राह मुश्किल कर रहे हैं। बसपा के पंकज ने यहां मायावती की रैली कराई है। भीनमाल में कांग्रेस पूराराम, भाजपा के समरजीत मैदान में हैं। रमेश पुरोहित मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने को प्रयासरत हैं। रानीवाड़ा में कांग्रेस के रतन देवासी और भाजपा के नारायण सिंह के बीच मुकाबला है। रतन देवासी के भाजपा से आए पूर्व मंत्री अर्जुन सिंह देवड़ा संजीवनी साबित हो रहे हैं।
सिरोही: रेकॉर्ड टूटने पर नजर
सिरोही सीट पर निर्दलीय संयम लोढ़ा, भाजपा के ओटाराम और कांग्रेस के जीवाराम के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। यहां 1957 से निर्दलीय नहीं जीता है। रेवदर में कांग्रेस के नीरज डांगी और भाजपा के जगसीराम में सीधा मुकाबला है। वैसे 1967 से इस सीट से कोई चार बार चुनाव नहीं जीता है। जगसीराम चौथी बार मैदान में हैं। डांगी जातिगत आंकड़ो को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। पिंडवाड़ा- आबू में कांग्रेस के लालाराम और भाजपा के समाराम गरासिया का सीधा मुकाबला है। शिवसेना के मगन गरासिया ने भाजपा के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है।
नागौर: बेनीवाल बिगाड़ रहे खेल
नागौर से भाजपा के मोहनराम और कांग्रेस के हबीबुर्रहमान में कड़ा मुकाबला है। मेड़ता में कांग्रेस की सोनू, भाजपा के भंवराराम और रालोपा की इंदिरा तथा डेगाना में भाजपा के अजय किलक, कांग्रेस के विजयपाल मिर्धा और निर्दलीय मोहनसिंह में त्रिकोणीय मुकाबला है। खींवसर में रालोपा के हनुमान, कांग्रेस के सवाई सिंह पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं तो लाडऩू में भाजपा के मनोहर, कांग्रेस के मुकेश और रालोपा के जगन्नाथ के त्रिकोणीय संघर्ष में अंतिम समय में बाजी किसी के भी हाथ लग सकती है। मकराना में भाजपा के रूपाराम व कांग्रेस के जाकिर में टक्कर है तो परबतसर में निर्दलीय राकेश मेघवाल, कांग्रेस के रामनिवास व भाजपा के मानसिंह के वोट काट रहे हैं। नावां में कांग्रेस के महेंद्र, भाजपा के विजय में टक्कर हैं। जायल से कांग्रेस की मंजू मेघवाल, भाजपा की मंजू बाघमार व रालोपा के अनिल में मुकाबला है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2zG0ynm
0 comments:
Post a Comment