जोधपुर.साली से अवैध संबंध के चलते सरकारी विद्यालय में कनिष्ठ लिपिक (एलडीसी) की हत्या करने के लिए साढ़ू ने लोहे का सरिया व बकरा काटने में प्रयुक्त होने वाला चाकू उपयोग में लिया था। गत दस दिसंबर को जालोड़ा में नहर पुलिया के पास छात्रों ने बाइक सवार एलडीसी को रोका था तब साढ़ू ने पीछे से लोहे का सरिया मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद नाबालिग छात्र व साढ़ू घसीटकर एलडीसी को झाडिय़ों के बीच ले गए थे, जहां साढ़ू ने बकरा काटने में प्रयुक्त होने वाले चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी।
लोहावट थानाधिकारी हरिसिंह राजपुरोहित ने बताया कि प्रकरण में मूलत: देचू थानान्तर्गत फतेहगढ़ हाल आसरलाई स्थित निजी विद्यालय में काम करने वाला भगवानसिंह पुत्र खेतसिंह रिमाण्ड पर है। उसकी निशानदेही से विद्यालय परिसर के निजी कमरे में छुपाकर रखा चाकू व सरिया बरामद किया गया। वहीं, वारदात में प्रयुक्त तीनों मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। यह चाकू घर में बकरा काटने में प्रयुक्त लिया जाता है।
एक पखवाड़े पहले ही पूरी तैयारी थी हत्या की
आरोपी भगवानसिंह ने लम्बे समय से अपने साढ़ू सहदेवसिंह की हत्या की फिराक में था। इसलिए वह चाकू व सरिया साथ रखता था। गत 27 नवम्बर को उसने एक अन्य शिक्षक जयराम मेघवाल व पांच छात्रों के साथ एलडीसी की हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी। शिक्षक व एक छात्र को एलडीसी की रैकी करने के लिए मुख्य रोड पर भेज दिया था। वहीं, खुद व अन्य छात्र जालोड़ा में नहर पुलिया के पास सहदेवसिंह का दो घंटे तक इंतजार करते रहे थे, लेकिन उस दिन सहदेवसिंह वहां नहीं आया। ऐसे में आरोपियों की साजिश उस दिन फेल हो गई थी। आखिरकार शादी की सालगिरह के दो दिन बाद दस दिसम्बर को उसकी हत्या कर दी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2S4z1TS
0 comments:
Post a Comment