भोपालगढ़(जोधपुर). उपखण्ड क्षेत्र के खारिया खंगार राजश्री नगर स्थित बिड़ला व्हाइट संयंत्र के बाहर सोमवार दोपहर ट्रक चालक की वहां से गुजर रहे एक दूसरे ट्रक के नीचे आकर दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद संयंत्र में काम करने वाले सैकड़ों श्रमिकों ने काम का बहिष्कार करते हुए हंगामा किया और मृतक ट्रक चालक को भी संयंत्र पर आश्रित श्रमिक मानते हुए उसके किसी एक आश्रित को नौकरी एवं परिजनों को करीब 32 लाख रुपए के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक पुखराज गर्ग ने भी देर शाम को मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों से मुलाकात की और बिड़ला व्हाइट संयंत्र प्रबंधन से वार्ता कर न्यायोचित कार्रवाई करने के लिए कहा। श्रमिकों के प्रदर्शन की सूचना के बाद मौके पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है।
क्षेत्र के खारिया खंगार राजश्री नगर स्थित बिड़ला व्हाइट संयंत्र में पत्थर लेकर आए नागौर जिले के गोटन थानान्तर्गत टुंकलिया गांव निवासी ट्रक चालक छोटूराम गैना (42) पुत्र पुरखाराम जाट सोमवार दोपहर में खाली होने के बाद अपना ट्रक वापस लेने के लिए आया था और संयंत्र में प्रवेश के इंतजार में संयंत्र के मुख्य द्वार के पास खड़ा था। इस दौरान वह अचानक वहां पर सडक़ से गुजर रहे पत्थरों से भरे एक अन्य ट्रक के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसकी सूचना मिलने पर संयंत्र के श्रमिकों ने काम बंद कर दिया और संयंत्र के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान इन श्रमिकों ने बिड़ला व्हाइट संयंत्र के सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव को हटाने, मृतक ट्रक चालक के किसी एक आश्रित को नौकरी एवं परिजनों को 32 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बिड़ला व्हाइट संयंत्र के कार्मिक एकत्रित हो गए और देर शाम तक उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Qyu8pr
0 comments:
Post a Comment