फलोदी/ जोधपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा धूप में भी स्वप्न देखते हैं। वे एमपी-राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाने की बातें करते हैं, लेकिन अब तक अपना सेनापति घोषित नहीं कर पाए, क्या चुनाव जीतेंगे? फलोदी में शनिवार को सभा को सबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा वसुंधरा राजे के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है लेकिन कांग्रेस के तो नेतृत्व का ही नहीं पता। सभा की शुरुआत शाह ने स्थानीय जुड़ाव के लिए वीर दुर्गादास राठौड़ के त्याग-बलिदान और वीरता के उदाहरण से की। उन्होंने कहा कि जब भी जोधपुर-फलोदी का नाम आता है तो वीर दुर्गादास के स्मरण से रोंगटे खडे़ हो जाते हैं। एक आदमी ने मुगलों से संघर्ष कर धरती को मुक्त करवाने का काम किया। साथ ही उन्होंने आराध्य लटियाल माता, बाबा रामदेव, पाबूजी, जंभेश्वर, फलोदी के गोभक्त मुरलीधर बोहरा को भी नमन करते हुए भाषण की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि जनता को तय करना है कि वो किसकी सरकार चाहते हैं। एक ओर तो मोदी के नेतृत्व में देशभक्तों की टोली है। दूसरी ओर राहुल बाबा के नेतृत्व में न नेता, ना नीति व सिद्धांत, केवल सत्ता का दुरुपयोग करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के पीएम बनने के बाद 19 राज्यों में भाजपा की सरकार बनी। कांग्रेस को दूरबीन लेकर ढूंढने पर भी नहीं मिल रही है। ऐसे में राजस्थान में सरकार बनाने के दावे करते हैं। शाह ने अपने अंदाज में 2014 के बाद जिन राज्यो में भाजपा की सरकार बनी वह गिनाई तो जनता भी साथ देती गई। उन्होंने मोदी सरकार की 129 योजनाओं का भी नाम लिया।
भारत माता की जय तक नहीं बोलते
उन्होंने बीकानेर का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस वाले भारत माता की जय बोलने में भी हिचकिचाते हैं और हमें तो अंतिम क्षणों मे भी निश्चेतन अवस्था में कहोगेे तो भी भारत माता की जय बोलेंगे।
कांग्रेस ने जवानों का अपमान किया
शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए कहा कि देश को सुरक्षित करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। कांग्रेस में मौनी बाबा मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो पाकिस्तान से आलिया, मालिया घुस जाते थे। भाजपा सरकार में कश्मीर में 12 जवानों को जिंदा जलाया गया तो बदला लेने के लिए हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। इस पर भी राहुल ने सवाल खड़े किए और कहा कि यूपी चुनाव जीतने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक करवाई। यह बोल कर उन्होंने जवानों का अपमान किया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2FP28ZH
0 comments:
Post a Comment