जोधपुर. संभाग के अधिकांश हिस्सों में रविवार को तापमान में उतार चढ़ाव के साथ सर्दी का मौसम बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार से थार प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बरसात के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। दो दिन के बाद जोधपुर सहित अधिकांश जगहों पर पारा लुढकऩा शुरू होगा। सप्ताहांत में तापमान दस डिग्री के भीतर आ जाएगा और सर्दी बढऩे का पूर्वानुमान है।
सूर्यनगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री रहा। सुबह-सुबह सर्दी का मौसम रहा। धूप सुहानी लग रही थी। दिन चढऩे के बाद भी सर्दी का असर बना रहा। दोपहर में मौसम सामान्य था। तापमान 28.8 डिग्री रहा। सूर्यास्त के बाद पारा फिर तेजी से लुढकऩे लगा और रात ठण्डी हो गई। खुले इलाकों में तेज सर्दी रही। ग्रामीण इलाके में अपेक्षाकृत अधिक सर्दी से लोगों को दिन में भी गर्म कपड़े पहनने पड़े।
माउंट आबू में पारा 3.4 डिग्री
पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा 3.4 डिग्री रहा जो अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान है। वहां कड़ाके की ठण्ड से जनजीवन प्रभावित रहा। रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर-जैसलेमर में तापमान में उतार चढ़ाव चलता रहा। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 13.1 व अधिकतम 30 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में रात का पारा 13.2 व दिन का 30.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में तापमान दस डिग्री से नीचे पहुंचा। चूरू में 7.5, पिलानी में 9.3, कोटा में 9.5, श्रीगंगानगर में 9.4 और राजधानी जयपुर में 10.1 डिग्री मापा गया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Uwuhrx
0 comments:
Post a Comment