जोधपुर। जीवन में नवीनता, आरोग्य, शांति-समृद्धि से जुड़े पंचपर्व के प्रथम पर्व धनतेरस पर जोधपुर में खुशियों के दीप जगमगा उठे। सौभाग्य व समृद्धि के लिए जमकर परम्परागत खरीदारी के साथ धनत्रयोदशी की शुरुआत की गई। प्रदोष वेला में घर आंगन के कंवळे दीपों से रोशन करने के बाद महालक्ष्मी-कुबेर और भगवान धनवन्तरि का पूजन कर समृद्धि व आरोग्य की कामना की गई। बुध पुष्य के बाद सोमवार को सुबह से ही त्रयोदशी तिथि के साथ खरीदारी के शुभ मुहूर्त होने के कारण बाजारों में खरीदारी का दौर देर रात तक चलता रहा।महिलाओं बच्चों, युवाओं के साथ बुजुर्गों में भी खरीदारी के प्रति उत्साह नजर आया। पंचपर्व के साथ सावों के सीजन में मारवाड़ के विभिन्न अंचलों व आस-पास के कस्बों से पहुंचे लोगों ने भी जमकर खरीदारी की।
धनतेरस की शाम को नई सडक़ चौराहा से घंटाघर, त्रिपोलिया बाजार, कटला बाजार, सर्राफा बाजार में यातायात बाधित रहा। शहर के प्रमुख व्यवसायिक केन्द्र सरदारपुरा प्रथम, बी व सी रोड, चौपासनी रोड, जालोरी गेट, जलजोग सर्किल, गोलबिल्डिंग, रातानाडा, महामंदिर व प्रतापनगर क्षेत्र में खरीदारों का हुजूम नजर आया। सर्किट हाउस रोड, प्रतापनगर, सरदारपुरा, बासनी आदि क्षेत्रों में सभी प्रमुख डिपार्टमेंटल स्टोर्स खरीदारों से अटे नजर आए। ऑटोमोबाइल शो रूमों पर दुपहिया वाहनों-कारों की अग्रिम बुकिंग कराने वाले लोग शुभ मुहूर्त में वाहनों की डिलीवरी प्राप्त की। धनतेरस को परम्परागत खरीद के साथ वाहन, ज्वैलरी, रियल स्टेट, इलेक्ट्रोनिक्स प्रॉडक्ट, रेडीमेड गारमेंट, चांदी के बर्तन, ड्राइफ्रूट, साडिय़ां, पूजा के लिए लक्ष्मी गणेश की रजत प्रतिमाएं, नॉनस्टिक रसोई की वस्तुएं, एलईडी, प्रोपर्टी, फ्लैट, गारमेंट्स, वाहन, साज-सजावट, फर्नीचर, बहीखाते, सोने व चांदी के सिक्के, माइक्रोवेव ओवेन, आभूषण, कम्प्यूटर, मोबाइल, पटाखे आदि नवीन उत्पादों की शृंखला खरीदने के लिए उत्साह नजर आया। चांदपोल ब्रह्मपुरी क्षेत्र की महिलाओं ने धनतेरस की सुबह क्षेत्र के गोरधन तालाब से घर में महालक्ष्मी पूजन स्थल पर रखी जाने वाली पवित्र मिट्टी लाने की परम्परा का निर्वहन किया। घर में समृद्धि ऐश्वर्य के लिए क्षेत्र की ब्राह्मण और स्वर्णकार समाज की महिलाएं धन त्रयोदशी के दिन इस सदियों पुरानी परम्परा का निर्वहन करती है।
देख-परख कर खरीदते हैं जोधपुरवासी
जोधपुरवासियों में किसी भी प्रॉडक्ट को देख-परखकर खरीदने की प्रवृत्ति है। यहां ऑन लाइन के बजाए प्रति टच एण्ड फील को प्राथमिकता दी जाती है। जोधपुर के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी स्वयंराठी ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक प्रॉडक्ट के प्रति लोगों का रुझान बढ़ता जा रहा है। श्रीकृष्ण ऑटो सेल्स के राजीव मूंदड़ा के अनुसार धनतेरस व पंच पर्व में पूरे मारवाड़ में विभिन्न कंपनियों की करीब 1500 कारों से अधिक की बिक्री का अनुमान है। टू व्हीलर के साथ ट्रैक्टर की भी जमकर बिक्री हुई है। थार हैण्डलूम के संचालक कमल बाहेती ने बताया कि इस बार दीपावली की शॉपिंग तो एक सप्ताह पहले ही शुरू हो गई थी। लोगों में लाइफ स्टाइल प्रॉडक्ट के प्रति रुझान बढ़ा है।
ज्वैलरी व्यवसाय से जुड़े मांगीचंद भंडारी एण्ड संस के गौरव ने बताया कि सोने के भाव में निरंतर बढ़ोतरी के कारण और आगामी सावों के सीजन को देखते हुए धनतेरस के शुभ मुहूर्त में लोगों ने जमकर खरीदारी की। हैण्डीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भरत दिनेश ने बताया कि इस बार फेस्टिव सीजन में करीब 100 करोड़ के प्रॉडक्ट का निर्यात किया गया। इसमें खास तौर से 25 से अधिक देशों में रहने वाले अप्रवासी भारतीय फेस्टिव सीजन में गणेश लक्ष्मी प्रतिमा, वुडन टेम्पल की मांग रही।
जोधपुर में एक हजार करोड़ की धनतेरस
प्रॉडक्ट --------------- कुल बिक्री
इलेक्ट्रॉनिक्स प्रॉडक्ट्स---200 करोड़
टू व फोर व्हीलर्स ------150 करोड़
रियल स्टेट---------- 100 करोड़
लाइफ स्टाइल ---------125 करोड़
ज्वैलरी व चांदी---------150 करोड़
बर्तन----------------- 25 करोड़
गृहपयोगी सामान--------100 करोड़
हैण्डीक्राफ्ट, मिठाई, वस्त्र ----150 करोड़
(आंकड़े प्रमुख व्यवसायियों एवं एक्सपर्ट के आधार पर)
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2quAJSf
0 comments:
Post a Comment