जोधपुर। पाली जिले की रानी ग्राम पंचायत के रानी कला गांव में नाली का निर्माण कार्य एक फैक्ट्री से कुछ दूरी पर कराने की एवज में दस हजार रुपए की रिश्वत लेने की आरोपी महिला सरपंच व उसके शिक्षक पति को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रविवार को जेल भिजवा दिया।
ब्यूरो की विशेष विंग के उपाधीक्षक जगदीश सोनी के अनुसार प्रकरण में रानी कला सरपंच संतोष भाटी व पति नारायणलाल को दस हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। प्रारम्भिक पूछताछ के बाद शनिवार रात दोनों को जोधपुर स्थित ब्यूरो कार्यालय लाया गया, जहां दोनों से पूछताछ की गई। फिर सरपंच व शिक्षक पति को रविवार शाम पाली में एसीबी की विशेष अदालत के न्यायाधीश के समक्ष आवास पर पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए।
गौरतलब है कि रानी कला गांव में नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शंकरलाल की ट्रैक्टर ट्रॉली की फैक्ट्री के आगे से नाली का निर्माण कराने की बजाय कुछ दूरी पर कराने की एवज में सरपंच ने दस हजार रुपए मांगे थे।
गोपनीय सत्यापन में सरपंच व पति के रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। फैक्ट्री का रखरखाव करने वाले रमेश सैन शनिवार सुबह सरपंच के घर पहुंचा और रिश्वत के दस हजार रुपए दिए थे। तभी एसीबी ने दबिश देकर सरपंच व शिक्षक पति को गिरफ्तार कर लिया था।
एसीबी मुख्यालय से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी रिपोर्ट
रिश्वत लेने का आरोपी सरपंच पति नारायणलाल घांची सुमेरपुर तहसील में चेनपुरा गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में तृतीय श्रेणी शिक्षक है।
एसीबी का कहना है कि सरकारी कर्मचारी होने के नाते शिक्षक की भूमिका के संबंध में एसीबी के जयपुर मुख्यालय व राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मुख्यालय से यह रिपोर्ट पाली के जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। तब उसके खिलाफ निलम्बन की कार्रवाई हो पाएगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2yZfixx
0 comments:
Post a Comment