जोधपुर. जोधपुर के रण में कांग्रेस और भाजपा ने सभी 10 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। दोनों पाॢटयों के 20 प्रत्याशियों में से 8 प्रत्याशी ऐसे हैं जो पहली बार विधायक के चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। बेहतर राजनीतिक पटल के लिए शुभ संकेत यह है कि जो नए लोग राजनीति में आ रहे हैं, उनमें से अधिकांश शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल हैं। दूसरा पहलू यह भी है कि कई जगह वंशवाद भी नजर आ रहा है।
अभी तक दोनों राजनीतिक पार्टियों के प्रमुख प्रत्याशियों की बात करें तो कांग्रेस की ओर से 10 में से 7 ऐसे चेहरे हैं जो पहली बार मैदान में उतरेंगे। जबकि भाजपा में एक चेहरा पहली बार विधायक प्रत्याशी के लिए जोर आजमाइश करेगा। विधानसभा चुनाव 2013 में कुल 20 में से 5 नए चेहरे मैदान में उतारे गए थे। ऐसे में इस बार पिछली बार से भी ज्यादा नए लोगों को मौका दिया गया है।
यह है शिक्षा का स्तर
20 प्रत्याशियों में से 2 प्रत्याशी जहां विदेश में भी पढ़े हैं तो 2 प्रत्याशियों की शिक्षा का स्तर 10वी से कम है। जबकि नए उतारे गए 8 प्रत्याशियों में से 7 उच्च शिक्षा हासिल किए हैं।
- जोधपुर शहर से भाजपा के अतुल भंसाली सीए, उनके सामने कांग्रेस की मनीषा पंवार एम.ए उत्तीर्ण हैं।
- सूरसागर से कांग्रेस के अयूब खान पीएचडी व प्रोफेसर हैं। जबकि भाजपा की सूर्यकांता व्यास पांचवीं तक पढ़ी हैं।
- सरदारपुरा से कांग्रेस के अशोक गहलोत एलएलबी किए हुए हैं। भाजपा के शम्भूसिंह खेतासर बी.एससी उत्तीर्ण हैं।
- लूणी से भाजपा के जोगाराम पटेल एलएलबी, वकील हैं। कांग्रेस के नए चेहरे महेन्द्र विश्नोई 12वीं पास है।
- फलोदी से भाजपा के पब्बाराम एमए किए हुए हैं। जबकि कांग्रेस के महेश व्यास बी.कॉम पास है।
- ओसियां से कांग्रेस का नया चेहरा दिव्या मदेरणा विदेश से पोस्ट ग्रेजुएट हैं। जबकि भाजपा के भैराराराम बी.ए ऑनर्स तक पढ़े हैं।
- बिलाड़ा से भाजपा के अर्जुनलाल गर्ग सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा है। जबकि कांग्रेस के हीराराम बी.ए प्रथम वर्ष तक पढ़े हैं।
- भोपालगढ़ से कांग्रेस के भंवर बलाई एलएलबी किए हुए हैं। जबकि भाजपा की कमसा मेघवाल षष्ठम कक्षा पास है।
- शेरगढ़ से भाजपा के बाबूसिंह जहां एम.कॉम किए हुए हैं। जबकि कांग्रेस की मीना कंवर एम.ए पास है।
- लोहावट से भाजपा के गजेन्द्रसिंह खींवसर विदेश से बीबीए किए हुए हैं। कांग्रेस के किसनाराम विश्नोई बीए उत्तीर्ण हैं।
इन्हें विरासत में मिली राजनीति
जो 8 चेहरे नए उतारे गए हैं उनमें से 6 को राजनीति विरासत में मिली है। लूणी से दिग्गज नेता रामसिंह विश्नोई के पौत्र महेन्द्र व ओसियां से परसराम मदेरणा की पौत्री दिव्या दो बड़े वंशवाद का उदाहरण है। जबकि जोधपुर शहर से अतुल भंसाली, वर्तमान विधायक कैलाश भंसाली के भतीजे हैं और राजनीतिक माहौल देख कर आए हैं। शहर सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी मनीषा के पिता रामसिंह आर्य सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के उपमंत्री हैं। हालांकि वे खुद भी पहले पार्षद रह चुकी है। फलोदी से कांग्रेस उम्मीदवार महेश व्यास के माता-पिता दोनों नगरपालिका स्तर की राजनीति में सक्रिय हैं। शेरगढ़ से मीना कंवर के पति दो बार विधायक प्रत्याशी रहे हैं। ऐसे में राजनीति उनके लिए नया विषय नहीं है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2S1vntj
0 comments:
Post a Comment