यमदूत बनकर जोधपुर की सडक़ों पर दौड़ रहे हैं अवैध बजरी से भरे डंपर, बेलगाम माफिया के आगे बेबस दिख रहा प्रशासन

पोस्ट पसंद आये तो लाइक जरुर करे ?

विकास चौधरी/जोधपुर. सुप्रीम कोर्ट की ओर से बजरी खनन व परिवहन पर रोक के बाद पुलिस की मिलीभगत कहें या ढिलाई से पनपे बजरी माफिया से आमजन की जान पर बन आई है। शहर के कई इलाकों में बजरी भरे ट्रक और डम्पर यमदूत की तरह सडक़ों पर दौड़ते नजर आते हैं। पिछले दिनों बजरी से भरे वाहनों की चपेट में आने से चार जनों की मौत के बाद भी बजरी से भरे वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पाया है।

 

गत दिनों बजरी के डम्पर से चपेट में आने से एक जने की मौत के बाद ग्रामीणों ने सडक़ों पर उतर विरोध जताते हुए बजरी का परिवहन रोकने की मांग की। लोगों में पुलिस के प्रति इतना गुस्सा था कि पथराव भी किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन देने के बाद भी बजरी माफिया बेलगाम है। शहर के बाहरी क्षेत्रों में शाम होने के बाद से दिन उगने तक बजरी का अवैध खनन होता है। इसके बाद बजरी को ट्रक और डम्पर में भरकर गंतव्य तक पहुंचाया जाता है। माफिया इन ट्रकों और डम्पर को लग्जरी कारों से एस्कॉर्ट करते हैं। रास्ते में पुलिस की चेतक मिलने पर माफिया उसे पीछे आ रहे बजरी के डम्पर या ट्रक को नहीं रोकने का इशारा कर देते हैं। इसके बाद चेतक भी लोकेशन बदल देती है।

केस 1
जल्दबाजी में ट्रेन से टकराया डम्पर, चालक की मौत

21 जनवरी को बनाड़ रोड पर गुजरावास गांव स्थित मानव सहित रेलवे फाटक पर ट्रेन से पहले निकलने की होड़ में बजरी से भरा एक डम्पर ट्रेन से जा टकराया। खुडियाला गांव निवासी चालक खेताराम देवासी गम्भीर घायल हो गया था। जिसकी बाद में मृत्यु हो गई थी। डम्पर में भरी बजरी ट्रैक पर बिखर गई थी।

केस : 2
मजदूरी पर जा रहे थे, एक की मौत व दूसरा घायल

12 जुलाई की सुबह खेजड़ली कल्ला चौराहे पर बजरी से भरे डम्पर ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाकर मजदूरी करने जा रहे गुजरावास निवासी चेतनराम प्रजापत (29) को कुचल दिया था। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई थी। जबकि पीछे बैठा मूलाराम प्रजापत (40) घायल हो गया था। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन और पुलिस पर पथराव भी किए थे। ग्रामीणों पर लूनी थाने में मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां शुरू की गई थी।

केस : 3
पैदल घूम रहा था डम्पर ने कुचल दिया

4 अक्टूबर की रात सालावास रेलवे स्टेशन के पास रहने वाला मनोहर मेघवाल घर से कुछ दूर पैदल घूम रहा था। तभी तेज रफ्तार व लापरवाही से आए डम्पर ने उसे कुचल दिया था। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई थी। ग्रामीण विरोध में सडक़ पर उतर आए। रास्ता भी रोका, लेकिन पुलिस ने आश्वस्त कर रास्ता खुलवा दिया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 5 अक्टूबर को एमडीएम मोर्चरी के बाहर विरोध भी जताया गया था।

केस : 4
पढ़ाई के साथ घर की जिम्मेदारी संभालने वाले की गई जान

29 अक्टूबर की सुबह पाली रोड पर कुड़ी भगतासनी में निजी स्कूल के सामने बजरी से भरे डम्पर ने पाली में पंचम नगर निवासी मोटरसाइकिल सवार बालकिशन (20) की जान ले ली थी। पिता की मौत के बाद मृतक अपनी पढ़ाई के साथ घर व परिवार की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था। वह मोटरसाइकिल की सर्विस कराने जोधपुर आया था।

पहले से अधिक कार्रवाइयां हो रही है

‘आचार संहिता लगने के बाद से बजरी का अवैध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाइयों में बढ़ोतरी हुई है। इसमें और सख्ती की जाएगी।’


आलोक वशिष्ठ, पुलिस कमिश्नर जोधपुर



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2AHLW87
Share on Google Plus

About Atul

This is a short description in the author block about the author. You edit it by entering text in the "Biographical Info" field in the user admin panel.

0 comments:

Post a Comment