भोपालगढ़/ जोधपुर। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही जहां एक ओर कई पार्टियों में नेताओं के आयाराम-गयाराम का दौर शुरु हो गया है। वहीं इनके साथ-साथ कई छोटे कार्यकर्ता भी पार्टियों में इधर-उधर होने लगे हैं। इसी क्रम में आज हुई भोपालगढ़ कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान क्षेत्र के कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिस पर पार्टी नेताओं ने इनका मालाएं पहनाकर स्वागत भी किया। वहीं इस दौरान हाल ही में कांग्रेस में आए पूर्व विधायक नारायणराम बेड़ा भी मौजूद रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री पर तानाशाही होने के साथ ही कई और आरोप भी लगाए।
कस्बे में आज बिलाड़ा रोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में भोपालगढ़ ब्लॉक कांग्रेस की बैठक पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ की मौजूदगी में आयोजित की गई। इस दौरान बरसों तक भाजपा में रहते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर रहे भोपालगढ़ क्षेत्र के पूर्व विधायक नारायणराम बेड़ा भी कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद पहली बार स्थानीय स्तर पर हुई कांग्रेस की बैठक में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भाजपा में रहे उनके कई समर्थक भी यहां पहुंचे और कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
युवा नेता रामस्वरूप देवड़ा ने बताया कि इस मौके पर पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ व पूर्व विधायक नारायणराम बेड़ा ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए युवा कार्यकर्ता बिराई के ओमाराम उर्फ ओमप्रकाश सांई, नाड़सर के उगराराम जलवाणिया, भोमाराम, रामपाल ग्वाला, सुखराम, भोपालगढ़ के रामनिवास ढाढिय़ा, निम्बाराम भडिय़ार, राजूराम पंचारिया, बीजाराम सैन व महेन्द्र सहित कई कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिस पर पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ ने इन सभी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाने के साथ ही पार्टी का दुपट्टा व मालाएं पहनाकर स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आए हुए सभी कार्यकर्ताओं का हमेशा पार्टी व संगठन में सम्मान किया जाएगा। क्योंकि कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है। इस दौरान भाजपा से कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं में खुशी नजर आई।
सहज बने रहे बेड़ा, लगाए आरोप
बरसों तक भाजपा में रहते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहे पूर्व विधायक नारायणराम बेड़ा कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद आज पहली बार अपने क्षेत्र में किसी कांग्रेसी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। ऐसे में जहां वहां मौजूद पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में तो बेड़ा को सुनने और उनके मन की बात जानने की खासी उत्सुकता नजर आई। वहीं बेड़ा के साथ आए पुराने समर्थकों में यह शंका नजर आ रही थी, कि वे बरसों तक भाजपा में रहने के बाद खुद को कांग्रेस में कैसे सहज दिखाएं। लेकिन बैठक के दौरान पूरे समय बेड़ा अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की पहली बैठक में सहज बने रहे और सभी से रामा-श्यामा करने में व्यस्त रहे। वहीं पूर्व विधायक बेड़ा ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर तानाशाही बनने एवं प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बात भी नहीं सुनने का आरोप लगाया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2zmlVJt
0 comments:
Post a Comment