फलोदी (जोधपुर) . शहर के धोलाबाला स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में रविवार रात एक मकान को सूना देख वहां घुसे अज्ञात चोरों ने सोने के आभूषण व नकदी पार कर दी है। वारदात के दौरान महिला अपने पीहर गई हुई थी तथा सुबह वापस अपने घर पहुंची तो मकान के ताले टूटे मिले और घर के अन्दर जगह-जगह अलमारियों का सामान बिखरा मिला।
धोलाबाला, विश्वकर्मा कॉलोनी, फलोदी निवासी शिवलाल सुथार ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसके घर के सामने ही भतीजे जानकीलाल पुत्र उदयलाल का घर है। इस घर में पत्नी रामेश्वरी रहती है तथा पुत्र गुजरात में मजदूरी करते हैं। रविवार को रामेश्वरी अपने पीहर गई थी। सुबह अपने घर पहुंची तो मकान के मुख्य द्वार के ताले टूटे हुए थे। अन्दर अलग-अलग कमरों में रखे पलंग के गद्दे, अलमारियों के ताले टूटे व सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी व एक सूटकेस के ताले टूटे हुए तथा इनमें रखे सोने के आभूषण एक जोड़ी पत्ता वजन 1.25 तोला, कंठी 1.5 तोला, 3 अंगूठियां वजन 1.5 तोला, मंगलसूत्र वजन 1.5 तोला व 38,500 की नकदी गायब थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची तथा मौका मुआयना किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात के बाद मौके पर पहुंच हैड कांस्टेबल दमाराम व कांस्टेबल गिरिराज ने आस-पास लगा रखे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी ली। वहां सीसीटीवी फुुटेज खंगाले। इसमें रात में करीब 1.15 बजे मकान से एक व्यक्ति के बाहर झांकने की तस्वीरें मिली है तथा अन्य सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध भी दिखे है। साथ ही एक अन्य स्थान से भी सीसीटीवी फुटेज जुटाए गए है।
शादी के लिए रखे थे आभूषण
परिवार के लोगों ने बताया कि इस घर में आगामी जनवरी में एक लडक़े की शादी तय कर रखी है तथा नकदी भवन की बुकिंग करवाने के लिए रखी थी। साथ ही घर में शादी की तैयारियों को लेकर आभूषण आदि रखे हुए थे। इस खुशी के मौके की तैयारियों के बीच ही घर में चोरी की वारदात से परिवार के लोग मुसीबत में आ गए है तथा घर में खुशियों के बीच चेहरों पर चिन्ता की लकीरें उभर आई है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OXYCQ2
0 comments:
Post a Comment