बिलाड़ा (जोधपुर) . निकटवर्ती उचियाडा गांव के बुजुर्ग की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हत्या कर उसका शव खेत में छोड़ दिया। दो दिन से समाचार न मिलने पर मंगलवार रात को बुजुर्ग को संभालने गए परिजनों ने उसका शव खेत में मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंच कर शव राजकीय रेफरल चिकित्सालय मोर्चरी में लाई और उसका पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंपा।
थानाधिकारी राजीव भादू ने बताया कि उचियाडा निवासी 55 वर्षीय मृतक खियाराम पुत्र लालाराम प्रजापत उदलियावास व बेड जाने वाले रास्ते पर एक खेत में मजदूरी का कार्य करता था। मृतक अविवाहित था। नियमित रूप से उसकी अपने भाई से मोबाइल पर बात होती रहती थी, लेकिन दो दिनों से बात नहीं हुई थी। सोमवार देर रात खेत मालिक तेजाराम मोयल ने भी ओमप्रकाश को फोन कर बताया कि उसके भाई खिया राम को उसने कई बार फोन किए ,वह फोन नहीं ले रहा है। इस पर ओमप्रकाश खिया राम द्वारा खेती किए जाने वाले खेत पहुंचा वहां उसकी कोटड़ी का दरवाजा बंद था। उसने खेत में तलाशा तो दूर खेत की मेड़ के पास उसका भाई लहुलुहान जमीन पर पड़ा नजर आया।
ओम प्रकाश ने थाने में फोन कर घटना की सूचना दी, जिस पर वे मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने वहां खेत में उलटे पड़े अधेड़ को नजदीक से देखा तो उसके पीठ पर चोट के निशान एवं गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार किया हुआ निशान मिला, जहां से काफी खून बहकर जमीन पर जमा पड़ा था। शव से बदबू आ रही थी। मृतक को यहां राजकीय रेफरल चिकित्सालय लाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित किया। उसके शरीर पर धारदार हथियार के वार से हुए बड़े घाव मिले। मेडिकल बोर्ड से उसका पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों को सौंपा।
मृतक के भाई ओमप्रकाश ने उसकी हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का पता लगाने के लिए मुख्यालय से एफएसएल टीम आई और साक्ष्य संकलन करने में जुट गई। एमओबी टीम ने आरोपी के फुटप्रिंट तलाशे। टीम ने घटनास्थल व खेत के चारों और तथा अड़ोस-पड़ोस के खेत मालिकों से पूछताछ की। पश्चात मृतक के निवास स्थल उचियाडा में भी जानकारी जुटाई। देर शाम तक हत्या के मामले की गुत्थी नहीं सुलझी थी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2P0faHT
0 comments:
Post a Comment