भोपालगढ़. पति की लम्बी उम्र की कामना को लेकर मनाए जाने वाले पवित्र पर्व करवा चौथ पर पत्नी को इस कठिन तपस्या के बदले पति द्वारा तरह-तरह के उपहार दिए जाना तो आम बात है और लोग अपनी पत्नियों को गहने व कपड़े सहित कई महंगे उपहार भी देते हैं। लेकिन कस्बे के भनंगों की ढाणी निवासी एक महिला ने करवा चौथ पर अपने पति की लम्बी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत करने के साथ ही अपने पति को दुपहिया वाहन चलाते समय सुरक्षा व लम्बी उम्र के लिए हैेलमेट भेंटकर अनूठा उदाहरण पेश किया है। यह अनूठा और अनुकरणीय कार्य किया है भोपालगढ़ कस्बे के भनंगों की ढाणी निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुकम्पा चौधरी ने।करवा चौथ का पर्व देश भर में महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी उम्र और दीर्घायु की कामना को लेकर पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। लेकिन पति की लंबी उम्र तो तभी होगी, जब वह हर रोज जिस तरीके से घर से निकले उसी तरीके से सुरक्षित वापस घर भी पहुंचे। वर्तमान की भागम-भाग और भीड़ भरी ट्रेफिक वाली जिंदगी में सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गई है। जब पुरुष सुरक्षित घर पहुंचेंगे, तभी तो महिलाएं करवा चौथ मना पाएंगी। कुछ इसी तरह के उद्देश्य और नई पहल के साथ भोपालगढ़ कस्बे के भनंगों की ढाणी निवासी आंगनवाड़ी केंद्र की संचालिका अनुकंपा चौधरी ने करवा चौथ के अवसर पर शनिवार को अपने पति बिजलीघर कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष रामकुमार भंनगा को हेलमेट भेंटकर करवा चौथ मनाई और लोगों को भी सुरक्षित यातायात और लंबी उम्र के लिए बाइक चलाते समय अनविार्य रूप से हेलमेट पहनने को लेकर जागरूक किया। इस दौरान पति ने भी पत्नी को उपहार देते हुए भविष्य में हमेशा दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनकर ही घर से निकलने का भरोसा दिलाया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पहल
करवाचौथ पर महिलाएं अपने पति की लम्बी उम्र के लिए प्राथनाएं तो करती है, लेकिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुकंपा भनंगा ने तो बकायदा अपने पति की लम्बी उम्र के लिए हैलमेट भेंटकर अनुकरणीय पहल की है। अनुकम्पा ने बताया कि महिलाओं के लिए सबसे बड़ा त्यौहार करवा चौथ होता है। महिलाएं इस त्योहार पर अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए उपवास रखती है और ईश्वर से पति की लंबी उम्र की कामना करती है। महिलाएं कठोर व्रत रखकर पत्नी होने का धर्म निभाती है और अब पुरुषों की बारी है कि वे भी उनकी सलाह पर अमल करें। इसी उद्देश्य के साथ लोगों में जागरुकता लाने के लिए इस वर्ष करवा चौथ में पति को हेलमेट प्रदान करने का निर्णय लिया।
क्या कहते थाना प्रभारी
क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुकम्पा की इस सराहनीय पहल का हर महिलाओं को अनुकरण करते हुए आज से ही अपने पतियों को हेलमेट पहनकर घर से बाहर दुपहिया वाहन पर निकलने की सीख देनी चाहिए। जिससे पुलिस की ओर से हैलमेट को लेकर चलाए जा रहे अभियान को भी गति मिल सके और आमआदमी का जीवन सुरक्षित होने के साथ ही दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सके। - मिट्ठूलाल, भोपालगढ़ थाना प्रभारी
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Awt241
0 comments:
Post a Comment