जोधपुर.
उधार के ढाई लाख रुपए न लौटाने पर एक युवक ने दो मित्रों की मदद से सरदारपुरा ई रोड स्थित हैयर सैलून की दुकान से संचालक को फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर ले गए और तलवार से डराया धमकाया। साथ ही संचालक के भाई को वीडियो कॉल कर उधार की राशि लौटाने पर ही छोडऩे की धमकी दी। हरकत में आई सरदारपुरा थाना पुलिस ने सात घंटे के भीतर सांगरिया फांटा से कार में बंधक बनाए हैयर सैलून संचालक को मुक्त करवा तीनों युवकों को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी कैलाश पारीक के अनुसार सरदारपुरा ई रोड पर द मैंस सैलून नामक दुकान पर बुधवार रात आठ बजे कार में सवार तीन युवक आए और संचालक इरफान को जबरन उठाकर कार में डालकर रवाना हो गए। आरोपियों ने सैलून संचालक को तलवार से डराना शुरू कर दिया। एक अपहरणकर्ता ने मोबाइल से संचालक के भाई उस्मान को फोन कर उधार दिए ढाई लाख रुपए लौटाने की मांग की। इसके बाद ही उसे छोडऩे की धमकियां दी।
संचालक का भाई थाने पहुंचा और मामले की जानकारी दी। पुलिस भी तुरंत हरकत में आई। अपहृत हैयर सैलून संचालक के भाई ने मिल्कमैन कॉलोनी निवासी अंकित भाटी पर संदेह जताते हुए अपहरण व धमकियां देने की एफआइआर दर्ज कराई। अपहरणकर्ताओं के मोबाइल नम्बर के आधार पर तलाश शुरू कराई। थानाधिकारी पारीक, उप निरीक्षक दिनेश और एएसआई मोतीराम के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई। सात घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब दो-तीन बजे सांगरिया फांटा में धर्मकांटा के पास कार में बंधक बनाकर रखे हैयर सैलून संचालक को मुक्त करवा लिया। साथ ही अपहरण करने के आरोपी नंदू उर्फ नंदकिशोर पुत्र पुखराज पुरी और ललित पुत्र रामरतन को गिरफ्तार किया। इसके बाद मिल्कमैन कॉलोनी निवासी मुख्य आरोपी अंकित भाटी पुत्र मघराज घांची को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इन तीनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश करने पर दो-दो दिन के रिमाण्ड पर भेजा गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक प्रवीण जुगतावत, एएसआई मुकेश, मोतीराम, हेड कांस्टेबल जमेशद खान, प्रकाश राम,मान सिंह, शिवराज, सुखदास, कांस्टेबल नरसिंहराम, राजाराम, रामजीवन, नरेन्द्र सिंह व मगाराम शामिल थे।
उधार की राशि को लेकर असमंजस
अपहरण के आरोपी अंकित ने पुलिस को बताया कि उसने अपहृत युवक के भाई को ढाई लाख रुपए उधार दे रखे हैं। लम्बे समय से वो देने में आनाकानी कर रहा है। यह राशि वसूलने के लिए उसने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर उसका अपहरण करने का निर्णय किया था। उधार लेने वाला रिजवान गायब है। अपहृत युवक व एफआइआर दर्ज कराने वाले ने लेन-देन से इनकार किया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2O4c3y4
0 comments:
Post a Comment