जोधपुर। जोधपुर के बनाड़ थानान्तर्गत नांदड़ी गौशाला के गेट संख्या 2 के पास मकान में युवक ने पत्नी व सात साल के मासूम पुत्र की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को अंदेशा है कि तलवार या ग्राइंडर से गला रेता गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अनंत कुमार के अनुसार नांदड़ी गौशाला के गेट संख्या दो के पास मकान के कमरे में तीजादेवी (35) पत्नी सुरेश मेघवाल व उसके सात वर्षीय पुत्र विक्रम की हत्या की गई है। दोनों के गले पर कट के निशान हैं। कमरे में ही तलवार व ग्राइंडर मिला है। ग्राइंडर पर खून के निशान हैं। जिससे अंदेशा है कि तलवार या ग्राइंडर से गला रेता गया है।
मकान में प्लास्टर करने का काम है करता
हत्या सोमवार मध्यरात्रि की हो सकती है। मंगलवार सुबह पांच-छह बजे पड़ोस के कमरे में रहने वाला आरोपी का भाई व मां उठे तो वारदात का पता लगा। जिसके बाद भाई ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी सुरेश मेघवाल को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। वह निर्माणाधीन मकान में प्लास्टर करने का काम करता है। पुलिस ने बिलाड़ा के पास रहने वाले पीहर पक्ष को सूचित किया है।
एसीपी नविता खोखर, थानाधिकारी नियाज मोहम्मद व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए है। जांच के बाद दोनों शव महात्मा गांधी अस्पताल भिजवाए गए हैं।
हत्या के बाद आत्महत्या की फिराक में!
पुलिस का कहना है कि मृतका का पति दिमागी बीमार है। वह एक कमरे में पत्नी व पुत्र के साथ रह रहा था। पास वाले कमरे में मां व भाई रहते हैं। हत्याकांड वाले कमरे में पंखे के हुक पर चुन्नी भी लटकी मिली है। इससे आशंका है कि हत्या के बाद वह आत्महत्या करने की फिराक में था, लेकिन एेसा कर नहीं पाया।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2IuWNEn
0 comments:
Post a Comment